Video: बिहार बंद के बाद दिल्ली में हंगामा! मंच से BJP महिला नेता बोलीं – “राहुल का यही चरित्र, उसे तो बस..”, हुआ Viral!

नई दिल्ली/पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने वाले मामले ने पूरे उत्तर भारत की राजनीति को हिला दिया है। बिहार के दरभंगा में 27 अगस्त को राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा के मंच से हुई इस घटना के बाद NDA कार्यकर्ता गुस्से में हैं। गुरुवार को इसी मुद्दे पर बिहार बंद बुलाया गया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक एनडीए के कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में दुकानें बंद कराईं, चौक-चौराहों को जाम किया और सड़कों पर उतरे।
दिल्ली के निर्माण विहार में भाजपा का हंगामा
दिल्ली के शाहदरा जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक गाबा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के नीचे इकट्ठा हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मंच से भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला।
एक महिला भाजपा नेत्री ने आक्रामक लहजे में कहा— “राहुल गांधी का यही चरित्र है, यही संस्कार हैं। वो यही कर सकता है और कुछ और नहीं। मैं अपनी बहनों से पूछना चाहती हूं कि अगर कोई हमारे घर के बुजुर्ग (मोदी जी) को गाली देगा, तो क्या हम चुप रहेंगे?” इसके बाद भीड़ ने जोरदार तरीके से “राहुल गांधी शेम-शेम” के नारे लगाए।
बिहार बंद से जाम में फंसी जिंदगी
बिहार में NDA कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, हाजीपुर और दरभंगा समेत 12 जिलों में नेशनल हाईवे जाम किया। कई जगहों पर दो से तीन घंटे तक गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। पटना में बंद के मद्देनज़र पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई। करीब 2 हजार जवानों को राजधानी में लगाया गया। कांग्रेस और राजद दफ्तरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
27 अगस्त को दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के स्वागत मंच से पीएम नरेंद्र मोदी को मां की गाली दी गई थी। आरोपित मोहम्मद रिजवी, जो पंक्चर की दुकान चलाता है, को पुलिस ने 28 अगस्त की रात गिरफ्तार कर लिया।
2 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने जीविका दीदियों के कार्यक्रम को ऑनलाइन संबोधित करते हुए भावुक होकर कहा— “मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। वो इस दुनिया में भी नहीं हैं। फिर भी कांग्रेस-RJD के मंच से उन्हें गाली दी गई। इस घटना की जितनी पीड़ा मेरे दिल में है, उतनी ही तकलीफ बिहार के लोगों के दिल में भी है।”
सियासत में ‘डाइवर्जन’ की चर्चा
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि पीएम मोदी को गाली देने वाला मामला पूरे उत्तर भारत की राजनीति में फिलहाल सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। इसने ‘SIR’ और वोट चोरी वाले विवादों को पूरी तरह से पीछे धकेल दिया है। भाजपा इसे जनता की भावनाओं से जुड़ा हुआ मुद्दा बताकर आक्रामक विरोध कर रही है, जबकि विपक्ष फिलहाल बचाव की मुद्रा में दिखाई दे रहा है।



