यूपी में बवाल: थानाध्यक्ष को चप्पलों से पीटा, महिला SO के साथ भी मारपीट.. पथराव और वर्दी नोची

कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के पुंगरा गांव में शुक्रवार को करंट लगने से 24 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन बृजेश राठौर की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बृजेश ने लाइन ठीक करने के लिए शटडाउन लिया था, लेकिन जैसे ही वह पोल पर चढ़ा, अचानक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। करंट लगने से वह झुलसकर नीचे गिर गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
शव रखकर सड़क जाम, मुआवजे की मांग
बृजेश की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक का शव लेकर परिजन तिर्वा पावर हाउस के सामने पहुंच गए और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा।
पुलिस से भिड़ीं महिलाएं, पथराव और चप्पलें चलीं
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। जब पुलिसकर्मी जबरन शव हटाने लगे तो महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस से धक्का-मुक्की की, वर्दी नोची और चप्पलें बरसाईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस को पीछे हटना पड़ा।
ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान महिला थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ, इंदरगढ़ एसओ पारुल चौधरी को भी पीटा गया। भीड़ ने पथराव कर पुलिस को खदेड़ दिया।
तीन थानों का फोर्स बुलाना पड़ा
लगातार तनाव बढ़ने पर तीन थानों का फोर्स मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस ने लाठियां फटकारकर भीड़ को तितर-बितर किया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद हालात काबू में आ सके। इस दौरान कई महिलाओं और पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
SP का बयान
एसपी विनोद कुमार ने कहा— “करंट से मौत के बाद परिजन प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच कुछ अराजक तत्वों ने बवाल को हवा दी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।”
मृतक की पत्नी का बुरा हाल
परिवार के मुताबिक, बृजेश की शादी एक साल पहले कानपुर देहात निवासी रोशनी से हुई थी। अभी उनके कोई बच्चे नहीं थे। पति की मौत के बाद रोशनी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में तनाव के चलते कई युवक और पुरुष घर छोड़कर निकल गए हैं।



