Sambhal Viral Video: चेहल्लुम के जुलूस में घुसा बेकाबू सांड, उठा-उठाकर पटका.. पुलिसवाले भी भागे

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में चेहल्लुम के जुलूस के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नक्खासा चौराहे पर जुलूस चल रहा था कि अचानक एक सांड भीड़ में घुस गया। देखते ही देखते सांड ने करीब आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया।
करीब 5 हजार लोगों की भीड़ के बीच सांड दौड़ता रहा और सामने आने वाले कई लोगों को उठाकर पटक दिया। अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
12 लोग घायल, एक युवक गंभीर
सांड के हमले में 12 लोग घायल हो गए। एक युवक के चेहरे पर सींग लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मौके पर मौजूद लोग घायल युवक को गोद में उठाकर दौड़ते नजर आए। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चेहल्लम के जुलुस में घुसा सांड.मची अफरा तफरी. घटना संभल की है. pic.twitter.com/6avE6plk50
— Priya singh (@priyarajputlive) August 16, 2025
पुलिसकर्मी भी भाग खड़े हुए
जुलूस की सुरक्षा में संभल कोतवाली, नक्खासा, रायशक्ति और हयातनगर थानों के करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात थे। लेकिन जब सांड ने हमला किया तो पुलिस उसे पकड़ने की बजाय खुद जान बचाकर भागती दिखी। इस वजह से भीड़ को लंबे समय तक राहत नहीं मिल सकी।
जुलूस रुका, 8 सेकेंड का वीडियो वायरल
सांड के उत्पात के चलते चेहल्लुम का जुलूस करीब आधे घंटे तक रुका रहा। घटना का एक 8 सेकेंड का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें दिख रहा है कि लोग जान बचाने के लिए भाग रहे हैं और सांड लगातार दौड़ रहा है।
प्रशासन का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ संभल सिटी आलोक भाटी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि युवक के चेहरे पर चोटें हैं, लेकिन फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।



