‘बृजभूषण’ का चौंकाने वाला बयान – ‘पूजा पाल’ को निकाल कर सपा ने ठीक किया”, ठाकुरों के कुटुंब पर भी भड़के !

गोंडा में शुक्रवार को बाहुबली नेता और भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सपा विधायक पूजा पाल पर की गई पार्टी कार्रवाई को सही ठहराया। उन्होंने कहा कि यह सपा का आंतरिक मामला है और पार्टी ने अपने नियमों के अनुसार कदम उठाया है।
उन्होंने कहा— “अगर कोई सपा में रहते हुए मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार की तारीफ करेगा तो यह पार्टी को अच्छा नहीं लगेगा। आज कार्रवाई नहीं करेंगे तो कल और लोग भी ऐसा करेंगे।”

“पूजा पाल की आत्मा ने उन्हें ऐसा करने को कहा”

पूर्व सांसद ने कहा कि पूजा पाल को एक पीड़ा थी, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार ने कार्रवाई कर उन्हें राहत दी। इस वजह से उन्होंने तारीफ की। लेकिन ऐसी स्थिति में वह सपा में नहीं रह सकतीं।

क्षत्रिय विधायकों के ‘कुटुंब परिवार’ पर प्रतिक्रिया

भाजपा के 40 क्षत्रिय विधायकों के कुटुंब परिवार बनाए जाने पर बृजभूषण ने कहा कि इसे राजनीतिक बदलाव से न जोड़ा जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे आयोजनों में सभी समाजों को शामिल किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा— “आप राम को मानते हो तो राम जिनको साथ लेकर चले, उन्हें भी साथ लो। आखिर देश को कितने टुकड़ों में बांटोगे?”

कांग्रेस पर सीधा हमला

कांग्रेस को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कांग्रेस अब गंभीरता से लेने लायक पार्टी नहीं रह गई है। “भाजपा का विरोध करते-करते कांग्रेस कहीं न कहीं देश का विरोध करने लगती है। हिंदुस्तान की राजनीति में हिंदू को गाली देकर राजनीति नहीं की जा सकती।”

राहुल गांधी पर तंज

राहुल गांधी के बयान “मैं हिंदू नहीं हूं, मैं धर्म को नहीं मानता” पर उन्होंने कहा कि धर्म ही कानून और संविधान है। धर्म को न मानने वाला कानून को भी नहीं मानता।
उन्होंने कहा— “राहुल गांधी धर्म को न मानकर देश को दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में ले जा रहे हैं। उनकी बुद्धि और विवेक पर तरस आता है।”
सुप्रीम कोर्ट के SIR मामले पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भी उन्होंने विपक्ष को “कमजोर, गैर-बुद्धिमान और बच्चों जैसी हरकत करने वाला” बताया।

मोदी और आरएसएस पर बयान

आरएसएस की तारीफ को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर बृजभूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा से आरएसएस से जुड़े रहे हैं और प्रचारक भी रहे हैं। “आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने संगठन की तारीफ की, इसमें कुछ भी गलत नहीं है।”

जीएसटी पर राहत को सराहा

दिवाली से पहले जीएसटी छूट पर बृजभूषण ने कहा कि वह विशेषज्ञ नहीं हैं, लेकिन राहत मिलना जनता के लिए अच्छी बात है।

Related Articles

Back to top button