बड़ी खबर: रेपिस्ट ‘आसाराम’ को फिर मिली अंतरिम जमानत, अनोखी बिमारी को आधार बनाकर की थी अपील

जयपुर: रेप मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 86 वर्षीय स्वयंभू धर्मगुरु आसाराम को एक बार फिर राहत मिली है। राजस्थान हाईकोर्ट ने उसकी ओर से दायर अपील पर सुनवाई करते हुए अंतरिम जमानत को 29 अगस्त तक बढ़ा दिया है। यह फैसला 8 अगस्त को दायर अपील पर सुनवाई के बाद आया। इससे पहले गुजरात हाईकोर्ट भी इसी आधार पर उसकी जमानत बढ़ा चुका है।
कोर्ट में पेश हुई मेडिकल रिपोर्ट्स
सुनवाई के दौरान आसाराम की ओर से वकील निशांत बोड़ा ने हाल की मेडिकल रिपोर्ट्स कोर्ट के सामने पेश कीं। इन रिपोर्ट्स में उसकी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला दिया गया। अदालत ने इन परिस्थितियों को देखते हुए जमानत अवधि बढ़ाने का फैसला सुनाया।
गुजरात हाईकोर्ट भी दे चुका है राहत
कुछ दिन पहले गुजरात हाईकोर्ट ने भी आसाराम की अंतरिम जमानत 29 अगस्त तक बढ़ा दी थी। उस समय भी जमानत का आधार उसकी बिगड़ती सेहत ही थी। आदेश में कहा गया था कि आसाराम का ‘ट्रोपोनिन लेवल’ सामान्य से बहुत अधिक है, जो गंभीर हृदय रोग की स्थिति का संकेत देता है।
ट्रोपोनिन लेवल क्या होता है?
ट्रोपोनिन हमारे दिल की मांसपेशियों में पाया जाने वाला एक प्रोटीन है, जो सामान्य स्थिति में खून में बहुत कम मात्रा में मौजूद होता है। जब दिल की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचता है, जैसे हार्ट अटैक या गंभीर हृदय रोग में, तो यह प्रोटीन खून में अधिक मात्रा में निकलने लगता है। इसका लेवल बढ़ जाना दिल की गंभीर समस्या या हार्ट अटैक का संकेत हो सकता है, इसलिए डॉक्टर इसे हृदय की सेहत का अहम पैमाना मानते हैं।
इंदौर के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती
वर्तमान में आसाराम इंदौर के जूपिटर हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती है। उसका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया है कि उसकी स्थिति क्रिटिकल है और लगातार निगरानी की जरूरत है।
अहमदाबाद में बनेगा डॉक्टरों का पैनल
राजस्थान हाईकोर्ट के जज दिनेश मेहता और विनीत कुमार माथुर ने आसाराम की सेहत की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने अहमदाबाद के सरकारी हॉस्पिटल में डॉक्टरों का एक विशेष पैनल बनाने को कहा है, जिसमें दो हृदय रोग विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
दिल की बीमारी पर होगी विशेष जांच
यह मेडिकल टीम आसाराम की सभी बीमारियों की जांच करेगी, खास तौर पर उसके दिल से जुड़ी समस्या की, क्योंकि रिपोर्ट्स के अनुसार उसके खून में ‘ट्रोपोनिन’ की मात्रा अधिक पाई गई है। यह दिल के लिए बेहद नुकसानदेह हो सकती है। डॉक्टरों की टीम अपनी पूरी जांच रिपोर्ट कोर्ट को सौंपेगी।



