UP Road Accident: ट्रैक्टर-मिक्सर मशीन से टकराई बाइक, उड़ गए परखच्चे.. 2 बच्चों समेत 4 की मौत

श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के रहमतू गांव के पास ट्रैक्टर ट्राली से जुड़ी मिक्सर मशीन और बाइक की भीषण टक्कर में महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और घटना की जांच शुरू कर दी है।
शंकरपुर से नवाबगंज जा रहे थे बाइक सवार
सोमवार सुबह शंकरपुर से नवाबगंज की ओर जा रहे बाइक सवार रहमतू गांव के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से जुड़ी मिक्सर मशीन से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है।
बाइक पर सवार थे महिला और मासूम बच्चा
हादसे के समय बाइक पर महिला और एक मासूम बच्चे समेत कुल पांच लोग सवार थे। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
मृतकों की पहचान अभी बाकी
पुलिस के मुताबिक, अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से ट्रैक्टर ट्राली और मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
बदला चौराहा-शंकरपुर मार्ग पर हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा बदला चौराहा से शंकरपुर मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।



