महाराष्ट्र के अहमदनगर में सांप्रदायिक हिंसा में 5 लोग घायल, 32 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के अहमदनगर के शावगांव गांव में एक जुलूस को लेकर सांप्रदायिक झड़प के बाद पुलिस ने 32 लोगों को हिरासत में लिया है और 150 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना में कम से कम पांच लोगों के घायल होने की सूचना है, जहां पथराव में कई दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि घटना रविवार रात की है और साम्प्रदायिक झड़प के सिलसिले में 150 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है।

अहमदनगर जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर शेवगांव गांव में सांप्रदायिक झड़प के मद्देनजर इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

अधिकारी ने कहा, “पथराव के दौरान कई दुकानें और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।” उन्होंने आगे बताया कि एसआरपीएफ (राज्य रिजर्व पुलिस बल) और दंगा नियंत्रण दस्ते सहित भारी पुलिस बल तैनात है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि अहमदनगर में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने पुणे में कहा, “जो लोग दंगे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग इस तरह की अप्रिय घटनाओं को अंजाम देने में मदद कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

Related Articles

Back to top button