37 सीटों पर राज्यसभा चुनाव का ऐलान, 16 मार्च को मतदान

37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को होगा मतदान 10 राज्यों में द्विवार्षिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू नामांकन से मतगणना तक पूरा शेड्यूल जारी

दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 37 खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना भी उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू कर दी जाएगी। आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार में अप्रैल महीने में अलग-अलग तारीखों पर सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, जिसके चलते चुनाव जरूरी हो गए हैं।

 

चुनाव कार्यक्रम और प्रक्रिया

चुनाव का नोटिफिकेशन 26 फरवरी 2026 को जारी किया जाएगा। उम्मीदवार 5 मार्च तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 मार्च नाम वापस लेने की आखिरी तारीख तय की गई है। मतदान 16 मार्च को होगा और पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। राज्यसभा का कार्यकाल छह साल का होता है, लेकिन हर दो साल में एक तिहाई सीटों पर चुनाव कराए जाते हैं। यही वजह है कि इसे स्थायी सदन कहा जाता है, क्योंकि यह कभी भंग नहीं होती।

 

किन राज्यों में कितनी सीटें खाली

इस बार महाराष्ट्र की 7, ओडिशा की 4, तमिलनाडु की 6, पश्चिम बंगाल की 5, असम की 3, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 2, तेलंगाना की 2, हरियाणा की 2 और हिमाचल प्रदेश की 1 सीट पर चुनाव होगा। कुल मिलाकर 37 सीटों के लिए मतदान कराया जाएगा। इन राज्यों में राजनीतिक दलों ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

 

 महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से रिटायर हो रहे सदस्य

महाराष्ट्र से डॉ. भगवत किशनराव कराड, डॉ. फ़ौज़िया तहसीन अहमद खान, प्रियंका विक्रम चतुर्वेदी, शरदचंद्र गोविंदराव पवार, धैर्यशील मोहन पाटिल, रजनी अशोकराव पाटिल और रामदास बंदू अठावले का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। तमिलनाडु से एन.आर. एलंगो, पी. सेल्वारासु, एम. थम्बिदुरई, तिरुची सिवा, डॉ. कनिमोझी एन.वी.एन. सोमू और जी.के. वासन रिटायर होंगे। वहीं पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी, बिकाश रंजन भट्टाचार्य, मौसम नूर और सुब्रत बक्शी का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

 

 अन्य राज्यों के रिटायर सदस्य और सदन की स्थिति

ओडिशा से ममता मोहंता, मुज़िबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी; असम से रामेश्वर तेली, भुवनेश्वर कलिता और अजीत कुमार भुइयां; बिहार से अमरेंद्र धारी सिंह, प्रेम चंद गुप्ता, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और हरिवंश नारायण सिंह रिटायर होंगे। छत्तीसगढ़ से कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम, हरियाणा से किरण चौधरी और राम चंदर जांगड़ा, हिमाचल प्रदेश से इंदु बाला गोस्वामी तथा तेलंगाना से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और के.आर. सुरेश रेड्डी का कार्यकाल पूरा हो रहा है। बता दें कि 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में 233 सदस्य चुने जाते हैं, जबकि बाकी मनोनीत होते हैं। आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button