दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, आज बारिश और तेज हवाओं के आसार

दिल्ली में मौसम ने अचानक बदली करवट आज हल्की बारिश और 40 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का अनुमान गर्मी से राहत के साथ AQI अब भी ‘खराब’ श्रेणी में

देश की राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली है। साल का सबसे गर्म दिन दर्ज होने के ठीक अगले दिन तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। हालांकि असली राहत बुधवार को मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, पालम इलाके में न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लोधी रोड पर 12.6 डिग्री और रिज क्षेत्र में 12.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दिल्ली की प्रमुख वेधशाला में अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में 29.9 डिग्री और पालम में 29.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

 

बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

IMD के मुताबिक बुधवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोपहर के समय 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के बाद अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

 

हवा की गुणवत्ता अब भी चिंता का विषय

मौसम में बदलाव के बावजूद राजधानी की हवा अब भी साफ नहीं हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 249 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। CPCB के मानकों के मुताबिक, 0-50 AQI को ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। बारिश के बाद उम्मीद है कि हवा की गुणवत्ता में भी कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button