मुंबई: गोदाम की इमारत गिरने से 2 की मौत 10 घायल, मचा हड़कंप

महाराष्ट्र के ठाणे के भिवंडी शहर में शनिवार को दो मंजिला गोदाम ढह जाने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। निकाय अधिकारियों ने बताया कि मलबे में कम से कम 10-15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख अविनाश सावंत ने शाम को कहा कि वर्धमान कंपाउंड में दोपहर करीब 1.45 बजे गिरी एक भूतल और दो मंजिला इमारत के मलबे से दो शव निकाले गए हैं।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की एक टीम, दमकल की 10 गाड़ियां और विभिन्न एजेंसियों के कर्मी मनकोली क्षेत्र के वालपाड़ा में घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं।

मृतकों में एक 40 वर्षीय व्यक्ति और एक 26 वर्षीय महिला शामिल है। इससे पहले, सावंत ने कहा था कि चार परिवार ऊपरी मंजिलों पर रहते हैं और कई मजदूर इमारत के भूतल पर काम करते हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक गोदाम 10 साल पुराना था।
वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री कपिल पाटिल मौके पर हैं।

Related Articles

Back to top button