13 साल बाद जॉर्जिया में सफल हुआ चीन का बीआरआई प्रोजेक्ट, रेलवे आधुनिकीकरण शुरू

13 साल बाद जॉर्जिया में चीन का बीआरआई प्रोजेक्ट नए अवतार में सफल हुआ। रेलवे आधुनिकीकरण से पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी और माल ढुलाई क्षमता में बड़ा इजाफा होगा। इस परियोजना से चीन-यूरोप लॉजिस्टिक्स और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

China: चीन का बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) एक बार फिर अपने विस्तार को लेकर चर्चा में है। करीब 13 साल बाद जॉर्जिया में यह परियोजना नए रूप में सफल होती दिख रही है। बीजिंग समयानुसार 25 दिसंबर को जॉर्जिया में चीन रेलवे 23वीं ब्यूरो ग्रुप कंपनी लिमिटेड द्वारा तैयार की गई रेलवे आधुनिकीकरण परियोजना का आधिकारिक संचालन शुरू कर दिया गया। यह परियोजना बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के तहत चीन-जॉर्जिया सहयोग की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इससे न सिर्फ जॉर्जिया के परिवहन ढांचे को मजबूती मिली है, बल्कि देश के आर्थिक विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। साथ ही यह विदेशी बाजारों में चीनी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों की बढ़ती पकड़ और तकनीकी क्षमता को भी दर्शाता है। साफ है कि चीन बीआरआई के जरिए अलग-अलग देशों में अपनी मौजूदगी लगातार मजबूत कर रहा है।

 

पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाली अहम रेलवे लाइन

यह रेलवे लाइन मध्य जॉर्जिया में स्थित है, जो जेस्टापोनी शहर से शुरू होकर खाशुरी तक जाती है। करीब 43.9 किलोमीटर लंबी यह लाइन जॉर्जिया के पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाली परिवहन की मुख्य धुरी मानी जाती है। परियोजना के तहत पुरानी रेलवे लाइनों का उन्नयन किया गया है और नई लाइनों का निर्माण भी हुआ है। इसमें सिविल इंजीनियरिंग, बिजली आपूर्ति, संचार प्रणाली और स्टेशन सुविधाओं का आधुनिकीकरण शामिल है। हालांकि निर्माण कार्य आसान नहीं था। जटिल भूगर्भीय हालात के चलते सुरंगों की खुदाई, ऊंची ढलानों की सुरक्षा और पुलों के निर्माण में कई तकनीकी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन टीम ने इन्हें सफलतापूर्वक पार किया।

 

सुरक्षा और स्थानीय रोजगार पर खास जोर

चीन रेलवे 23वीं ब्यूरो ग्रुप की टीम ने “लीन और कुशल” प्रबंधन मॉडल अपनाते हुए परियोजना को अंजाम दिया। स्थानीय कंपनियों के साथ मिलकर काम किया गया और आधुनिक तकनीकों के जरिए मुश्किलों का समाधान निकाला गया। पूरे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया। इस परियोजना का एक अहम पहलू स्थानीय लोगों को रोजगार देना भी रहा। निर्माण के दौरान करीब 1,000 स्थानीय मजदूरों को काम मिला। इससे उनकी आय बढ़ी और तकनीकी प्रशिक्षण के जरिए उन्हें नए कौशल सीखने का मौका भी मिला, जो आगे चलकर देश के विकास में मददगार साबित होंगे।

 

जॉर्जिया की अब तक की सबसे बड़ी रेल परियोजना

यह जॉर्जिया की अब तक की सबसे बड़ी नवनिर्मित रेलवे परियोजना मानी जा रही है। ‘ट्रांस-कैस्पियन इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर’ का अहम हिस्सा होने के कारण इसका रणनीतिक महत्व भी काफी ज्यादा है। इस परियोजना के शुरू होने से जॉर्जियाई रेलवे की परिवहन क्षमता में बड़ा इजाफा होगा और चीन से यूरोप तक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूती मिलेगी। परियोजना के पूरा होने से राजधानी त्बिलिसी से ब्लैक सी पोर्ट तक यात्रा दक्षता में करीब 37 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जबकि सालाना माल ढुलाई क्षमता दोगुनी हो जाएगी। इससे न सिर्फ जॉर्जिया का औद्योगिक विकास तेज होगा, बल्कि पड़ोसी देशों के साथ व्यापार और सहयोग भी और मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button