10 साल बाद पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच फिर शुरू होगी डायरेक्ट फ्लाइट सेवा
29 जनवरी से ढाका–कराची के बीच नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करेगी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस शुरुआती चरण में हफ्ते में दो दिन ऑपरेट होंगी उड़ानें दोनों देशों के रिश्तों में नरमी के बीच लिया गया अहम फैसला
Bangladesh: करीब एक दशक बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच नॉन-स्टॉप एयर कनेक्टिविटी एक बार फिर बहाल होने जा रही है। बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस 29 जनवरी से ढाका और कराची के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू करेगी। बांग्लादेशी अखबार प्रोथोम आलो के मुताबिक, एयरलाइन द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि शुरुआती दौर में ये उड़ानें हफ्ते में दो दिन — गुरुवार और शनिवार — को संचालित की जाएंगी। स्थानीय समय के अनुसार, फ्लाइट रात 8 बजे ढाका से उड़ान भरेगी और रात 11 बजे कराची पहुंचेगी। वहीं, वापसी की फ्लाइट रात 12 बजे कराची से रवाना होकर सुबह 4:20 बजे ढाका पहुंचेगी।
तख्ता-पलट के बाद नज़दीक आए ढाका और इस्लामाबाद
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब बांग्लादेश में 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद पाकिस्तान और बांग्लादेश के रिश्तों में नरमी देखने को मिल रही है। बीते कुछ महीनों में दोनों देशों ने वर्षों से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के बाद राजनयिक, व्यापारिक और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। हालांकि, ढाका से कराची के बीच सबसे छोटा हवाई मार्ग भारतीय हवाई क्षेत्र से होकर गुजरता है, लेकिन फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस रूट के लिए भारत से ओवरफ्लाइट अनुमति ली गई है या नहीं।
2012 में हुई थी आखिरी डायरेक्ट फ्लाइट
गौरतलब है कि ढाका-कराची रूट पर आखिरी बार साल 2012 में डायरेक्ट फ्लाइट्स संचालित हुई थीं। इस सेवा को दोबारा शुरू करने को लेकर पिछले कई महीनों से पाकिस्तानी एविएशन रेगुलेटर्स के साथ बातचीत चल रही थी। पाकिस्तान नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद अब यह फैसला लागू किया गया है। पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने पिछले साल अगस्त में अपनी ढाका यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच फिर से डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू करने की योजना की घोषणा की थी। यह यात्रा एक दशक से अधिक समय में पाकिस्तान-बांग्लादेश के बीच पहली उच्च-स्तरीय कूटनीतिक बातचीत मानी गई थी।



