हरियाणा में रैपर बादशाह पर FIR, विवादित गाने को लेकर पुलिस ने जारी किया नोटिस

विवादित गाने को लेकर रैपर बादशाह पर पंचकूला में FIR दर्ज वीडियो में नाबालिगों और आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर बढ़ा विवाद पुलिस ने नोटिस जारी किया, लुक आउट सर्कुलर की भी तैयारी

Badshah news: हरियाणा में मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह अपने नए गाने को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पंचकूला पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है और उनके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट सर्कुलर जारी करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। यह मामला उनके नए गाने “टटीरी” से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। पुलिस ने गाने के वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने के लिए नोटिस जारी किया है और इसे यूट्यूब से भी हटवा दिया गया है।

 

बादशाह पर क्यों दर्ज हुई FIR

पंचकूला के साइबर थाना सेक्टर-20 में बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। इसके साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया गया है। गाने में महिलाओं और लड़कियों के लिए आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की भी बात कही गई है।

 

हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के इस्तेमाल की जांच

जांच में सामने आया है कि गाने के वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति बस का इस्तेमाल किया गया पाया गया तो साजिश की धारा 120-B के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा वीडियो में एक सरकारी स्कूल भी दिखाया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वहां शूटिंग की अनुमति ली गई थी या नहीं। अगर बिना अनुमति सरकारी स्कूल का इस्तेमाल पाया गया तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

 

बादशाह को नोटिस, गिरफ्तारी की तलवार

पंचकूला पुलिस ने बादशाह को नोटिस जारी कर तुरंत पेश होने के लिए कहा है। उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें भी गठित की गई हैं, जो अलग-अलग जगहों पर जांच और दबिश दे रही हैं। साथ ही यह भी तैयारी की जा रही है कि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें, इसलिए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया जा सकता है।

 

सोशल मीडिया से सॉन्ग हटाने की तैयारी

पुलिस ने इस विवादित गाने के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं, ताकि यह और ज्यादा सर्कुलेट न हो सके। बादशाह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से इस गाने को टेकडाउन कराया जा चुका है और अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म व सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इसे हटवाने की कोशिश की जा रही है।

 

वीडियो शेयर करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पंचकूला पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर कोई इस विवादित गाने से जुड़ी रील या वीडियो बनाकर या शेयर करके उसे वायरल करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button