शामली में मुठभेड़, कुख्यात इनामी बदमाश मिथुन बावरिया ढेर, एक सिपाही घायल
शामली में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ इनामी अपराधी मिथुन बावरिया ढेर, सिपाही घायल कौशांबी में गोकशी मामले के तीन आरोपी भी गिरफ्तार

यूपी के शामली जिले में पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। कांधला थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात इनामी अपराधी मिथुन बावरिया ढेर हो गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में एक सिपाही घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिथुन बावरिया हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और वेस्ट यूपी में हत्या, लूट सहित 24 से ज्यादा गंभीर मामलों में वांछित था। उस पर 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को मौके से एक कार्बाइन, एक पिस्तौल, बड़ी संख्या में कारतूस और एक बाइक भी मिली। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसी बीच, कौशांबी जिले में गोकशी की वारदात से जुड़े तीन आरोपी भी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए। फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे को पीछा कर पकड़ लिया गया। उनके पास से तमंचे और कारतूस बरामद हुए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



