वेनेजुएला संकट के बीच भारत सरकार की एडवाइजरी, गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह
अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद वेनेजुएला में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। भारत सरकार ने नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है। वेनेजुएला में मौजूद भारतीयों से दूतावास के संपर्क में रहने को कहा गया है।

Donald Trump: वेनेजुएला में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई के बाद हालात तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। इसी को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि भारतीय नागरिक फिलहाल वेनेजुएला की सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचें।
वेनेजुएला में रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की हिदायत
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि जो भारतीय नागरिक किसी भी कारण से वेनेजुएला में मौजूद हैं, वे अत्यधिक सतर्कता बरतें। अपनी आवाजाही सीमित रखें और राजधानी काराकस में स्थित भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में रहें।
दूतावास के लिए जारी किए गए इमरजेंसी संपर्क विवरण
विदेश मंत्रालय की ओर से सहायता के लिए ईमेल आईडी और इमरजेंसी फोन नंबर भी जारी किया गया है। ईमेल: cons.caracas@mea.gov.in, इमरजेंसी नंबर: +58-412-9584288 (व्हाट्सएप कॉल की सुविधा भी उपलब्ध), भारतीय नागरिक किसी भी आपात स्थिति में इन माध्यमों से सीधे भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।
काराकस में अमेरिका का सैन्य ऑपरेशन
शुक्रवार रात अमेरिका ने वेनेजुएला की राजधानी काराकस में एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को हिरासत में ले लिया और उन्हें अपने साथ अमेरिका ले गई। बताया जा रहा है कि इस पूरे ऑपरेशन पर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद लाइव नजर रखी।
अमेरिका में होगा कानूनी मुकदमा
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने जानकारी दी कि न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद निकोलस मादुरो और सिलिया फ्लोरेस को आपराधिक मामलों में अमेरिकी अदालतों का सामना करना होगा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दंपति को अमेरिकी न्याय प्रणाली के तहत पेश किया जाएगा।
नार्को-आतंकवाद के आरोप पहले से थे दर्ज
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में न्यूयॉर्क में निकोलस मादुरो पर ‘नार्को-आतंकवाद’ से जुड़े गंभीर आरोपों में अभियोग लगाया गया था। हालांकि, यह पहली बार सामने आया है कि उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस पर भी आपराधिक आरोप दर्ज हैं।



