वाशिम में 12वीं बोर्ड परीक्षा में मास कॉपी का खुलासा, 581 छात्र पकड़े गए
वाशिम के मैनागिरी विद्यालय में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ा नकल कांड सामने आया। भौतिक विज्ञान के पेपर में 584 में से 581 छात्र नकल करते पकड़े गए। मामले में 50 से अधिक कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के संकेत, जांच जारी।

Maharashtra news: महाराष्ट्र के वाशिम जिले से 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़े स्तर पर नकल का मामला सामने आया है। वाशिम के टो गांव स्थित मैनागिरी विद्यालय में भौतिक विज्ञान (Physics) का पेपर चल रहा था, तभी सामूहिक नकल की सूचना पर शिक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
अचानक छापा, 581 छात्र पकड़े गए
प्राथमिक शिक्षा अधिकारी संजय ससाणे के नेतृत्व में टीम ने अचानक परीक्षा केंद्र पर छापा मारा। उस समय स्कूल में कुल 584 छात्र परीक्षा दे रहे थे, जिनमें से 581 छात्र नकल करते हुए पकड़े गए। इसे जिले की अब तक की सबसे बड़ी नकल विरोधी कार्रवाई माना जा रहा है।
50 से अधिक कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के संकेत
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में केंद्र संचालक, सहायक केंद्र संचालक और पर्यवेक्षकों समेत 50 से अधिक कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
हैरानी की बात यह है कि हर कक्षा में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में मास कॉपी का मामला सामने आया। इस घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।



