वाराणसी: होटल सिटी इन में आंध्रप्रदेश के भाई-बहन की संदिग्ध हालत में मौत, आत्महत्या की आशंका
होटल सिटी इन के कमरे में जहर खाकर जान देने की आशंका सिकंदराबाद से काशी दर्शन के लिए आए थे भाई-बहन पुलिस जांच में जुटी, परिजनों के आने के बाद होगा खुलासा

Up news: कैंट क्षेत्र के रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित होटल सिटी इन में आंध्रप्रदेश के सिकंदराबाद से आए भाई-बहन द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान सुब्बा और धनलक्ष्मी के रूप में हुई है, जो सिकंदराबाद (आंध्रप्रदेश) के रहने वाले थे। दोनों कुछ समय पहले काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए वाराणसी आए थे और होटल सिटी इन में ठहरे हुए थे। आशंका है कि दोनों ने होटल के कमरे में जहर खाकर जान दी।
एक दिन पहले जहर सेवन की आशंका
पुलिस के मुताबिक शवों की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों ने एक दिन पहले ही जहर का सेवन किया था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
दरवाजा नहीं खुला तो हुआ खुलासा
होटल कर्मचारियों ने बताया कि हैदराबाद से आए भाई-बहन ने पहले काशी का भ्रमण किया था और उनका व्यवहार पूरी तरह सामान्य लग रहा था। चेक-आउट के दिन दोपहर बाद जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे में टेबल पर जहर का पैकेट भी मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है।
पहचान और जांच जारी
मृतकों के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए हैं, लेकिन होटल रजिस्टर में दर्ज पता करीब 12 साल पुराना निकला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पहले वहां किराए पर रहते थे। डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों मृतक भाई-बहन प्रतीत हो रहे हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।



