कानपुर लैंबॉर्गिनी सड़क हादसा: आरोपी शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा बोले, मेरा बेटा कार नहीं चला रहा था
लैंबॉर्गिनी हादसे पर आरोपी शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा का बयान सामने आया पिता का दावा– हादसे के वक्त शिवम कार नहीं चला रहा था, ड्राइवर मौजूद था शराब पीने के आरोप खारिज, बोले बेटे का दिल्ली में इलाज जारी

Up news: कानपुर में हुए लैंबॉर्गिनी सड़क हादसे को लेकर आरोपी शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा का बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया है कि हादसे के वक्त उनका बेटा कार नहीं चला रहा था। पिता ने बेटे को निर्दोष बताते हुए कई दलीलें पेश की हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
‘कार में ड्राइवर मौजूद था, किसने चलाई—जांच होनी चाहिए’
केके मिश्रा ने बताया कि हादसे के समय कार में एक चालक और उनका बेटा शिवम दोनों मौजूद थे। उनका कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि कार कौन चला रहा था और यह जांच का विषय है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना से एक दिन पहले लैंबॉर्गिनी कार में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे मैकेनिक ने ठीक कर दिया था।
‘टेस्ट ड्राइव के दौरान हुआ हादसा’
केके मिश्रा के मुताबिक, अगले दिन शिवम और ड्राइवर कार को टेस्ट करने के लिए निकले थे। जब वे सिविल लाइंस से लौट रहे थे, तभी शिवम को रास्ते में चक्कर आया और वह बेहोश-सा होकर सो गया। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान ड्राइवर का ध्यान शिवम की ओर गया, जिससे कार की रफ्तार धीमी हो गई। तभी एक ऑटोरिक्शा ने कार को टक्कर मार दी।
‘ऑटोमैटिक लॉक हो गया था शीशा’
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कार का शीशा ऑटोमैटिक तरीके से लॉक हो गया था, जिसे ड्राइवर खोल नहीं पाया। इसके बाद सिक्योरिटी स्टाफ ने शीशा तोड़कर गेट खोले और शिवम को बाहर निकाला।
‘शराब पीने का आरोप गलत’
केके मिश्रा ने शराब पीने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनके परिवार या स्टाफ का कोई भी सदस्य शराब नहीं पीता। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस कमिश्नर द्वारा शिवम के कार चलाने की बात कहना सही नहीं है।
‘शिवम का दिल्ली में इलाज चल रहा है’
केके मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद शिवम को पहले घर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसकी जांच की। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दिल्ली भेजा गया। फिलहाल उसका इलाज दिल्ली में चल रहा है और डॉक्टरों के अनुसार वह अगले 2–3 दिनों में पूरी तरह ठीक हो सकता है। डॉक्टरों ने यह भी बताया है कि शिवम फिलहाल कानपुर आने की स्थिति में नहीं है।



