तलाक के ऐलान के बाद प्रतीक यादव का यू-टर्न, अपर्णा यादव संग फोटो शेयर कर लिखा – All is Good

तलाक के ऐलान के बाद प्रतीक यादव ने लिया यू-टर्न, अपर्णा यादव संग इंस्टा पोस्ट पति-पत्नी की पुरानी फोटो शेयर कर लिखा – All is Good, We are a Champion Family 19 जनवरी की विवादित पोस्ट अब भी इंस्टाग्राम से नहीं की गई डिलीट

कुछ दिन पहले भाजपा नेता और यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव को तलाक देने का ऐलान करने वाले प्रतीक यादव ने अब बड़ा यू-टर्न ले लिया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच चल रहा विवाद अब सुलझता नजर आ रहा है। प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर पत्नी अपर्णा यादव के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “All is good… हम चैंपियनों का परिवार हैं।” इस पोस्ट के जरिए उन्होंने साफ कर दिया है कि उनके और अपर्णा के रिश्ते अब ठीक हैं और तलाक का कोई फैसला नहीं लिया जा रहा है।

 

नई इंस्टा पोस्ट में क्या है खास?

प्रतीक यादव द्वारा शेयर की गई तस्वीर में पति-पत्नी एक-दूसरे के साथ बेहद खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि यह तस्वीर पुरानी बताई जा रही है। पोस्ट में उन्होंने मशहूर गाना ‘Until I Found You’ भी ऐड किया है।

 

तस्वीर के साथ प्रतीक ने लिखा,

“ऑल इज गुड। चैंपियन वही होते हैं जो अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी की समस्याओं को मजबूती से कुचलकर आगे बढ़ते हैं। हम चैंपियनों का परिवार हैं।” इस पोस्ट में उन्होंने अपर्णा यादव को टैग भी किया है।

 

19 जनवरी की पोस्ट अब भी इंस्टाग्राम पर मौजूद

गौरतलब है कि 19 जनवरी को प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस पोस्ट में उन्होंने अपर्णा को परिवार बर्बाद करने वाली और आत्ममुग्ध बताते हुए जल्द तलाक लेने की बात कही थी। हालांकि अब तलाक के मुद्दे पर प्रतीक ने यू-टर्न ले लिया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उनकी वह पुरानी पोस्ट अब तक डिलीट नहीं की गई है।

 

यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं अपर्णा यादव

अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। मार्च 2022 में अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं और पार्टी के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया। इसके बाद सितंबर 2024 में उन्हें यूपी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button