बैतूल में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार क्रेन से टकराई

तेज रफ्तार कार क्रेन से टकराई, तीन युवकों की मौके पर मौत ढाबे से लौटते समय हुआ हादसा, दो घायल अस्पताल में भर्ती सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी

Mp news: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार इटारसी रोड पर सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

 

ढाबे से लौटते समय हुआ हादसा

कोतवाली थाना प्रभारी (SHO) देवकरण देहरिया के मुताबिक यह दुर्घटना सुबह करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई। कार में सवार सभी युवक ढाबे पर खाना खाकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गई।

 

पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। पुलिस को अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए कार के दरवाजे और खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। मौके पर पहुंची टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

 

मृतकों की पहचान

घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान ऋतिक सोलंकी (30), वरुण प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। तीनों स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।

 

एक घायल को नागपुर रेफर

हादसे में देवा पांडे (32) और आकाश पाल (30) घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार कार तेज रफ्तार में चलाई जा रही थी। मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

Related Articles

Back to top button