बरेली में नया सिटी मजिस्ट्रेट: राम जनम यादव की तैनाती

उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली के नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को निलंबित किया। राम जनम यादव को नए सिटी मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। राम जनम यादव पीसीएस 2020 बैच के अधिकारी हैं और प्रशासनिक अनुभव रखते हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार ने बरेली के नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को अनुशासनहीनता के आरोप में सोमवार देर रात निलंबित कर दिया। इसके तुरंत बाद प्रशासन ने बदलाव करते हुए राम जनम यादव को बरेली का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। उन्होंने अब अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है।

 

राम जनम यादव कौन हैं?

राम जनम यादव उत्तर प्रदेश कैडर के 2020 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। वे सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं और शैक्षणिक रूप से M.Sc (Mathematics) हैं। प्रशासनिक सेवा में आने से पहले और बाद में उन्होंने कई जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। जून 2021 में पदोन्नति के बाद उनकी पहली तैनाती प्रतापगढ़ में एसडीएम के रूप में हुई थी। इसके पहले वे बस्ती और गाजियाबाद में नायब तहसीलदार और अयोध्या में तहसीलदार के पद पर काम कर चुके हैं। प्रतापगढ़ में पहली पोस्टिंग के बाद वे करीब तीन साल तक चित्रकूट में एसडीएम के रूप में तैनात रहे, जहां उन्होंने प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कई जिम्मेदारियां निभाईं। 2024 से वे बरेली में एसडीएम के पद पर काम कर रहे थे और अब उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

 

अलंकार अग्निहोत्री मामला

अलंकार अग्निहोत्री ने हाल ही में यूजीसी के नए नियम और शंकराचार्य के अपमान के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, शासन ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और उनके खिलाफ जांच के आदेश देते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।

Related Articles

Back to top button