पाकिस्तान को तुर्की से मिला नया MILGEM क्लास जहाज, बढ़ी नौसेना की ताकत
पाकिस्तान को तुर्की से मिला नया MILGEM क्लास जहाज। PNS खैबर से बढ़ेगी नौसेना की ताकत और समुद्री सुरक्षा। तुर्की-पाकिस्तान दोस्ती अब और मजबूत हुई।

Pakistan: पाकिस्तान की नौसेना को तुर्की में बने MILGEM क्लास का दूसरा जहाज PNS खैबर मिल गया है। यह जहाज दोनों देशों के बीच हुए टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एग्रीमेंट के तहत बनाया गया है। इसकी कमीशनिंग की सेरेमनी इस्तांबुल नेवल शिपयार्ड में हुई, जिसमें तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और पाकिस्तान के नेवल चीफ एडमिरल नवीद अशरफ मौजूद रहे।
तुर्की के राष्ट्रपति का संदेश
समारोह में एर्दोगन ने पाकिस्तान के साथ अपने गहरे और पुराने रिश्तों की बात की। उन्होंने कहा कि तुर्की-पाकिस्तान दोस्ती “सदियों तक मजबूत और फलती-फूलती रहेगी।”
MILGEM क्लास जहाज की खासियत
PNS खैबर पाकिस्तान नौसेना का सबसे उन्नत सतही प्लेटफॉर्म है। यह आधुनिक हथियारों, एडवांस्ड सेंसर और लेटेस्ट कमांड-एंड-कंट्रोल सिस्टम से लैस है। जहाज एंटी-सबमरीन, एयर डिफेंस और सर्फेस वॉरफेयर के लिए सक्षम है। 2018 में पाकिस्तान और तुर्की ने चार MILGEM जहाज बनाने का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। डील के अनुसार, दो जहाज तुर्की में और दो पाकिस्तान में बनाए जाएंगे। अब तुर्की में दो जहाजों का निर्माण पूरा हो चुका है।
पाकिस्तानी नेताओं की प्रतिक्रिया
तुर्की से जहाज मिलने के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नौसेना को बधाई दी। उनका कहना था कि यह जहाज देश की समुद्री सीमाओं, अर्थव्यवस्था और व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।



