पंजाब का युवा नायक श्रवण सिंह राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित
पंजाब के सीमावर्ती गांव चक तरां वाली के युवा नायक श्रवण सिंह को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से नवाजा गया। सैनिकों की सेवा और देशभक्ति के लिए उन्हें राष्ट्रपति ने सम्मानित किया।

Punjab: पंजाब के सरहदी जिला फिरोजपुर के सीमावर्ती गांव चक तरां वाली के युवा नायक श्रवण सिंह को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में शुक्रवार को प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे पंजाब के लिए गर्व की बात बताया।
देशभक्ति और हौसले को सलाम
मुख्यमंत्री मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “हमारे गुरुओं की दी हुई शिक्षाओं पर चलते हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान श्रवण सिंह ने घर से चाय-पानी और भोजन लाकर सैनिकों की सेवा की। बच्चे के देश के प्रति हौसले और जज़्बे को सलाम है।”
सैनिकों की मदद में असाधारण साहस
श्रवण सिंह को मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उनके साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ सेवा के लिए पहचाना गया। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनावपूर्ण हालात में, उन्होंने सैनिकों को लगातार महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।
सैनिकों के लिए पानी, दूध और चाय पहुँचाई
श्रवण प्रतिदिन अग्रिम चौकियों तक जाते और सैनिकों के लिए पानी, दूध, लस्सी, चाय और बर्फ जैसी जरूरी चीजें पहुंचाते। दुश्मन के ड्रोनों और लगातार खतरे के बीच भी उनका साहस और देशभक्ति अद्भुत थी।
सेना की तरफ से पढ़ाई भी कराई जा रही
श्रवण की हिम्मत ने सैनिकों के जल-आपूर्ति और मनोबल को एक महत्वपूर्ण जीवन रेखा के रूप में मजबूत किया। इस बहादुरी को पहले सेना की तरफ से सम्मानित किया जा चुका है और अब उनकी पढ़ाई भी सेना की मदद से करवाई जा रही है।



