नोएडा एयरपोर्ट के पास प्लॉट खरीदने का मौका, YEIDA की नई स्कीम लॉन्च
YEIDA की नई स्कीम में 973 प्लॉट लॉन्च नोएडा एयरपोर्ट के पास निवेश का सुनहरा मौका 6 मई तक करें आवेदन, 18 जून को होगा ड्रॉ

Buisness: घर बनाने या प्रॉपर्टी में निवेश का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सोमवार, 6 अप्रैल 2026 को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 973 रेजिडेंशियल प्लॉट की नई स्कीम लॉन्च कर दी है। इस योजना में आम लोगों और उद्यमियों दोनों के लिए आवेदन का मौका है। आवेदन की आखिरी तारीख 6 मई 2026 तय की गई है, यानी आपके पास पूरे एक महीने का समय है।
कहां-कहां मिलेंगे प्लॉट?
प्राधिकरण के अनुसार, ये प्लॉट सेक्टर-15C, 18 और 24A में स्थित हैं। अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से प्लॉट साइज भी अलग रखे गए हैं। इस स्कीम में 162, 183, 184, 200, 223 और 290 वर्गमीटर के प्लॉट शामिल हैं। ये सभी प्लॉट यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित किए जा रहे हैं, जिसकी वजह से लोकेशन काफी प्राइम मानी जा रही है।
कितनी है प्लॉट की कीमत?
इस योजना में जमीन की कीमत 36,260 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है। हालांकि, प्राधिकरण ने साफ किया है कि अगर आवंटन से पहले दरों में बदलाव होता है, तो आवेदकों को नई दरों के हिसाब से भुगतान करना होगा। इसके अलावा भविष्य में जमीन से जुड़े किसी भी खर्च (जैसे मुआवजा या अधिग्रहण लागत) बढ़ने पर उसका भार भी आवंटी को उठाना पड़ सकता है।
कैसे करना होगा भुगतान?
इस स्कीम में पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। आवेदक यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट या ऑनलाइन प्रॉपर्टी अकाउंट सिस्टम के जरिए ही भुगतान कर सकते हैं। किसी भी तरह का ऑफलाइन पेमेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ड्रॉ के जरिए होगा अलॉटमेंट
प्लॉट का आवंटन पूरी तरह से ड्रॉ (लॉटरी सिस्टम) के जरिए किया जाएगा। हर कैटेगरी के लिए अलग-अलग ड्रॉ निकाला जाएगा, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। इस स्कीम का ड्रॉ 18 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा।



