नेपाल चुनाव में नई पार्टी RSP की धमाकेदार एंट्री, शुरुआती रुझानों में कई सीटों पर बढ़त

नेपाल चुनाव में नई पार्टी RSP का मजबूत प्रदर्शन कई सीटों पर बढ़त, युवाओं का मिला बड़ा समर्थन जेन Z आंदोलन के बाद पहली बार हुआ बड़ा चुनाव

Kathmandu: Nepal में हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव के शुरुआती नतीजों में नई राजनीतिक पार्टी Rastriya Swatantra Party (RSP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबको चौंका दिया है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक पार्टी ने एक सीट जीत ली है और करीब 44 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं Nepali Congress चार सीटों पर आगे चल रही है, जबकि Communist Party of Nepal (Unified Marxist–Leninist) यानी CPN (UML) पांच सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। नेपाल में कुल 165 सीटों पर सीधे चुनाव हुए हैं और करीब 60 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया।

 

जेन Z आंदोलन के बाद पहला बड़ा चुनाव

यह चुनाव नेपाल में पिछले साल हुए जेन Z के बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद पहला बड़ा राजनीतिक मुकाबला माना जा रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए इन प्रदर्शनों के चलते KP Sharma Oli की अगुवाई वाली सरकार को सत्ता से हटना पड़ा था। काठमांडू-1 सीट पर RSP की उम्मीदवार रंजू दर्शना ने बड़ी बढ़त हासिल की है। पार्टी के केंद्रीय समिति सदस्य आरके ढुंगाना के मुताबिक रंजू को 10 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं, जो उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी नेपाली कांग्रेस के प्रबल थापा क्षेत्री से लगभग दोगुने हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है।

 

युवाओं का बढ़ा समर्थन

RSP की स्थापना 2022 में हुई थी और इस चुनाव में इसे खास तौर पर युवाओं का मजबूत समर्थन मिला है। काठमांडू के पूर्व मेयर Balen Shah, जिन्हें बालेन के नाम से जाना जाता है, झापा-5 सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से आगे बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक RSP काठमांडू की कई सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। पार्टी ने बालेन शाह को प्रधानमंत्री पद का प्रमुख चेहरा बनाया है।

 

देर रात शुरू हुई वोटों की गिनती

नेपाल में 275 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा के लिए करीब 1.89 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें से 165 सीटें सीधे वोटिंग यानी FPTP सिस्टम से चुनी जाती हैं, जबकि 110 सीटें प्रोपोर्शनल प्रतिनिधित्व के आधार पर बांटी जाती हैं। चुनाव आयोग के अनुसार वोटों की गिनती गुरुवार देर रात शुरू हुई और शुक्रवार तक इसके पूरे होने की उम्मीद है। फिलहाल शुरुआती रुझान नेपाल की राजनीति में नए और युवा नेतृत्व के उभरने का संकेत दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button