दिल्ली में क्राइम का ट्रिपल अलर्ट: लूट, एनकाउंटर और साइबर फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश

सीलमपुर में सर्राफा व्यापारी से डेढ़ किलो सोना लूटा आईपी स्टेट में पुलिस एनकाउंटर, बदमाश अजय कालिया गिरफ्तार साइबर टीम ने 11 ठग दबोचे, करोड़ों के फ्रॉड का खुलासा

दिल्ली में मंगलवार को अपराध की तीन बड़ी घटनाओं ने सनसनी फैला दी। एक तरफ सीलमपुर में दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी से बड़ी लूट हुई, दूसरी तरफ आईपी स्टेट इलाके में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, वहीं तीसरे मामले में साइबर क्राइम की बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

 

सीलमपुर में डेढ़ करोड़ की लूट

सीलमपुर इलाके में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी प्रथम बंसल से करीब डेढ़ किलो सोना लूट लिया। बताया जा रहा है कि व्यापारी चांदनी चौक से शाहदरा जा रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। लूटे गए सोने की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

आईपी स्टेट में एनकाउंटर

आईपी स्टेट इलाके में दिल्ली पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई और बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से अजय कालिया को गिरफ्तार किया, जो हत्या और लूट समेत कई मामलों में वांछित था।

 

साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने बड़े ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का खुलासा करते हुए 11 ठगों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि यह गिरोह रोहिणी और नेताजी सुभाष प्लेस से ऑपरेट कर रहा था। आरोपियों ने एक 60 साल के बुजुर्ग को Facebook पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर 22.67 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस के मुताबिक इस नेटवर्क के तार कंबोडिया से भी जुड़े हैं और जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button