दक्षिण अफ्रीका: जोहान्सबर्ग के पास अंधाधुंध फायरिंग, 3 बच्चों समेत 11 की मौत
जोहान्सबर्ग के पश्चिमी इलाके में अंधाधुंध फायरिंग से दहशत फैल गई। इस हमले में 3 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अब तक हमलावरों का सुराग नहीं मिल पाया है।

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर के पश्चिमी इलाके में हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। इस अंधाधुंध फायरिंग में कुल 20 लोगों को गोली लगी, जिनमें से 3 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि कई पीड़ित उस वक्त सड़क पर चल रहे थे, जब अचानक उन पर गोलियां बरसाई गईं। हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
हमलावरों की पहचान अब तक नहीं
गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरीडिली ने कहा कि फिलहाल हमलावरों की पहचान को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी एक शराबखाने के पास हुई, जो दक्षिण अफ्रीका की बड़ी सोने की खदानों के नजदीक स्थित है। पुलिस का कहना है कि इस जगह पर कथित तौर पर अवैध शराब की बिक्री भी हो रही थी।
पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात
गौतेंग के कार्यवाहक पुलिस कमिश्नर फ्रेड केकाना ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं। राष्ट्रीय अपराध प्रबंधन टीम, प्रांतीय अपराध स्थल प्रबंधन टीम, स्थानीय आपराधिक रिकॉर्ड केंद्र, गंभीर अपराध जांच इकाई और अपराध खुफिया टीमें मौके पर मौजूद हैं।”
दक्षिण अफ्रीका में लगातार बढ़ रही हिंसा
यह घटना इस महीने की शुरुआत में हुई एक अन्य खूनी हमले के बाद सामने आई है। 6 दिसंबर को प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल पर हुए हमले में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की जान चली गई थी। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका में हिंसक अपराध की दर बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
अपराध से जुड़े डरावने आंकड़े
पुलिस ने इस साल अप्रैल से सितंबर के बीच अवैध शराबखानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12,000 ठिकानों को बंद किया और देशभर में 18,000 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया। यूनाइटेड नेशंस ऑफिस ऑन ड्रग्स एंड क्राइम (UNODC) की 2023-24 की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां हत्या की दर सबसे अधिक है। यहां प्रति 1 लाख लोगों पर हत्या की दर करीब 45 दर्ज की गई है।



