ताइवान की राजधानी ताइपे में सनकी हमलावर का आतंक, 3 की मौत, 9 घायल
ताइवान की राजधानी ताइपे में मुख्य मेट्रो स्टेशन के बाहर सनकी हमलावर ने मचाया आतंक। स्मोक बम फेंकने के बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमला, 3 लोगों की मौत और 9 घायल। पुलिस से बचने के लिए डिपार्टमेंटल स्टोर की छठी मंजिल से कूदकर हमलावर ने दी जान।

ताइवान में एक सनकी शख्स की हिंसक करतूत से हड़कंप मच गया। राजधानी ताइपे के मुख्य मेट्रो स्टेशन के बाहर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक ने स्मोक बम फेंककर दहशत फैलाई और फिर चाकू से लोगों पर हमला कर दिया।
स्मोक बम फेंककर फैलाई दहशत, फिर शुरू किया चाकू से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर ने स्टेशन के बाहर सड़क के दोनों ओर स्मोक बम फेंके, जिससे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसके बाद उसने अपने बैग से एक बड़ा और तेज धारदार चाकू निकाला और स्टेशन की ओर दौड़ते हुए लोगों पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए।
गर्दन पर किए वार, कई लोग गंभीर रूप से घायल
हमलावर ने कम से कम दर्जन भर लोगों को निशाना बनाया। ज्यादातर हमले गर्दन और ऊपरी शरीर पर किए गए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से बचने के लिए छठी मंजिल से कूदा, मौके पर मौत
घटना के बाद पुलिस ने हमलावर का पीछा किया। खुद को घिरता देख वह पास के एक डिपार्टमेंटल स्टोर में घुस गया। पुलिस से बचने की कोशिश में उसने स्टोर की छठी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावर की पहचान चांग वेन के रूप में हुई
पुलिस की शुरुआती जांच में हमलावर की पहचान 27 वर्षीय चांग वेन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड था। फिलहाल उसने यह हमला क्यों किया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



