डोनाल्ड ट्रंप के बयान से भारत-अमेरिका रिश्तों में तल्खी, पीएम मोदी को लेकर किया विवादित दावा

पीएम मोदी को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने बढ़ाई भारत-अमेरिका रिश्तों की तल्खी रूस से तेल खरीद और टैरिफ को लेकर ट्रंप ने एक बार फिर भारत पर साधा निशाना ट्रंप के दावे पर कांग्रेस ने पीएम मोदी को लेकर कसा तंज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार भारत को लेकर आक्रामक बयान दे रहे हैं। एक ओर भारत पर भारी टैरिफ लगाए हुए हैं, तो दूसरी ओर अपने बयानों में लगातार नए-नए दावे कर रहे हैं। हाल के दिनों में ट्रंप की बयानबाजी का लहजा ऐसा रहा है, जिसे कूटनीतिक मर्यादा के खिलाफ माना जा रहा है। इसका असर भारत और अमेरिका के रिश्तों पर भी साफ तौर पर देखा जा रहा है। इसी कड़ी में डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक नया और विवादित दावा किया है। जिस अंदाज और एटीट्यूड में ट्रंप ने यह बात कही, उसे कई लोग मजाक उड़ाने और अहंकार से भरा हुआ बता रहे हैं।

 

व्हाइट हाउस में ट्रंप का दावा

व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति बनने के बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मिलने आए थे, तो उन्होंने उनसे पूछा था “Sir, may I see you please?”। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने इसके जवाब में सिर्फ “Yes” कहा।

ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत ने 68 अपाचे हेलिकॉप्टर का ऑर्डर दिया था, लेकिन उन्हें इसके लिए करीब पांच साल तक इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी उनसे मिलने आए थे।

 

ट्रंप बोले फिलहाल मोदी मुझसे खुश नहीं हैं

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके रिश्ते अच्छे हैं, लेकिन इस समय मोदी उनसे खुश नहीं हैं। ट्रंप के मुताबिक, इसकी वजह भारत द्वारा रूस से तेल खरीदना है। उन्होंने कहा कि रूस से तेल लेने के कारण भारत को अमेरिका की ओर से ज्यादा टैरिफ झेलने पड़े। हालांकि ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अब भारत ने रूस से तेल खरीदना काफी हद तक कम कर दिया है। इस बयान के जरिए ट्रंप ने एक बार फिर भारत की रूसी तेल खरीद पर नाराजगी जाहिर की है। गौरतलब है कि इसी मुद्दे को लेकर ट्रंप पहले भी कई बार भारत पर हमला बोल चुके हैं।

 

‘मोदी मुझे खुश करना चाहते थे’, ट्रंप का बयान

इससे पहले भी डोनाल्ड ट्रंप भारत द्वारा रूस से तेल खरीद कम करने को लेकर बयान दे चुके हैं। एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा था कि भारत ने तेल खरीद इसलिए कम की, क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें खुश करना चाहते थे। ट्रंप ने कहा था कि मोदी अच्छे आदमी हैं और उन्हें पता था कि वह उनसे नाराज हैं। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका भारत पर और ज्यादा टैरिफ लगा सकता है, जिससे भारत को बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्होंने संकेत दिया कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई, तो भारत पर टैरिफ और बढ़ाए जा सकते हैं।

 

ट्रंप के बयान पर कांग्रेस का तंज

डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद मोदी बिना बुलाए अमेरिका गए थे। कांग्रेस ने ट्रंप के बयान का हवाला देते हुए कहा कि ट्रंप के मुताबिक, मोदी ने उनसे मिलने की इजाजत मांगी थी। कांग्रेस ने आगे तंज कसते हुए लिखा कि दुनिया के नेताओं में केवल पीएम मोदी ऐसे हैं, जिन्हें ट्रंप ने गेट पर रिसीव नहीं किया था, अब इसकी वजह भी समझ में आ गई है।

Related Articles

Back to top button