जापान दौरे पर सीएम योगी, टोक्यो में हुआ भव्य स्वागत

जापान दौरे पर सीएम योगी, टोक्यो में हुआ भव्य स्वागत Mitsui और Konoike के साथ निवेश पर अहम बैठकें UP में रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और सेमीकंडक्टर सेक्टर पर फोकस

Cm yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जापान पहुंच गए हैं। राजधानी Tokyo में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जापान पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश देते हुए कहा, “उगते सूरज की नवोन्मेषी भूमि को प्रभु श्री राम की पावन धरा के ‘आदित्य’ का नमस्कार।” उनके इस संदेश को भारत-जापान के सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों की मजबूती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सूर्य की पहली किरण से लेकर सूर्यवंश की धरती उत्तर प्रदेश तक, दोनों देशों के बीच एक आत्मीय रिश्ता है।

 

Mitsui & Co. के साथ रणनीतिक बैठक

जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जापान की दिग्गज कंपनी Mitsui & Co. के प्रबंधन से मुलाकात की। बैठक में उत्तर प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी, आईसीटी, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।सीएम योगी ने कंपनी को राज्य में निवेश कर ग्रोथ, इनोवेशन और ग्लोबल पार्टनरशिप को नई दिशा देने का निमंत्रण दिया।

 

 Konoike Transport के साथ निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने Konoike Transport Co., Ltd. के वरिष्ठ प्रबंध कार्यकारी अधिकारी शिगेकी तानाबे से भी मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा, सीएम ने कंपनी को उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे मेडिकल डिवाइस पार्क में मेडिकल उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने का भी प्रस्ताव दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल नीतियां, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र उपलब्ध करा रही है।

 

 “उत्तर प्रदेश में आपका निवेश सुरक्षित”

जापानी उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि राज्य में सुरक्षित माहौल, बड़ा बाजार (स्केल) और कुशल मानव संसाधन उपलब्ध है। प्रदेश की 56 प्रतिशत आबादी वर्किंग फोर्स है, जो हर सेक्टर के लिए किफायती और योग्य मैनपावर उपलब्ध कराती है।

 

 भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को नई रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापानी कंपनियों का बढ़ता निवेश भारत-जापान औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दौरा रोजगार सृजन, तकनीकी उन्नयन और औद्योगिक विकास को नई गति देगा। जापान दौरे के दौरान उनकी मुलाकात Japan External Trade Organization (JETRO) के चेयरमैन इशिगुरो नोरिहिको से भी प्रस्तावित है, जिससे व्यापार और निवेश साझेदारी को और बढ़ावा मिलेगा।यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जापान की पहली आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले सिंगापुर दौरे के दौरान उनके नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल करीब 6,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आकर्षित करने में सफल रहा था। अब देखना होगा कि जापान दौरा उत्तर प्रदेश के लिए कितने बड़े निवेश और रोजगार के नए अवसर लेकर आता है।

Related Articles

Back to top button