जयमाला के दौरान दुल्हन को गोली, बक्सर में शादी समारोह में मचा हड़कंप

जयमाला के दौरान दुल्हन को मारी गोली, शादी समारोह में मची अफरा-तफरी एकतरफा प्रेम प्रसंग में सनकी आशिक ने स्टेज पर की फायरिंग गंभीर हालत में दुल्हन वाराणसी रेफर, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Bihar news: बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा के मल्लाह टोली में एक शादी समारोह उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब जयमाला के दौरान स्टेज पर ही दुल्हन को गोली मार दी गई। खुशी का माहौल अचानक चीख-पुकार में तब्दील हो गया।

 

कैसे हुई वारदात?

जानकारी के मुताबिक, रात में जयमाला की रस्म चल रही थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे और दोनों परिवार के लोग कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान एक युवक मुंह ढककर स्टेज तक पहुंचा और दुल्हन आरती कुमारी को गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली लगते ही आरती स्टेज पर गिर पड़ीं और उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “दिनबंधु ने मुझे गोली मार दी।”

 

अस्पताल में भर्ती, वाराणसी रेफर

परिजनों ने तुरंत आरती को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दुल्हन की पहचान आरती कुमारी, पिता नंद जी मल्लाह, निवासी मल्लाह टोली, चौसा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर गांव से आई थी।

 

प्रेम प्रसंग का मामला, आरोपी फरार

स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी दीनबंधु दुल्हन का पड़ोसी है और यह मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि वह पहले भी आरती की शादी रुकवाने की कोशिश कर चुका था। बक्सर के एसपी शुभम आर्य ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि घटना की पुष्टि हो चुकी है, एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button