जंग खत्म कराने का दावा करने वाले ट्रंप अब खुद जंग के मोर्चे पर, वेनेजुएला पर लैंड स्ट्राइक का ऐलान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ जमीनी हमले शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब समुद्र के साथ-साथ जमीन से भी ड्रग तस्करी पर कार्रवाई होगी। इस कदम से अमेरिका-वेनेजुएला तनाव और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में यह दावा करते रहे हैं कि उन्होंने दुनिया भर में कम से कम 8 युद्ध खत्म कराए हैं। लेकिन अब वही ट्रंप खुद एक नए सैन्य टकराव की ओर बढ़ते नजर आ रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ जल्द ही जमीनी हमले (लैंड स्ट्राइक्स) शुरू करने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, उन्होंने हमले की कोई तय तारीख नहीं बताई है। यह घोषणा ऐसे समय पर की गई है, जब बीते करीब दो महीनों से अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव अपने चरम पर है।

 

ट्रंप ने क्या कहा?

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वेनेजुएला में लैंड स्ट्राइक्स “शुरू हो रही हैं।” उन्होंने साफ किया कि अमेरिका अब अपनी सैन्य कार्रवाई को सिर्फ समुद्र तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि समुद्र से जमीन तक ऑपरेशन का दायरा बढ़ाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा, “पानी के रास्ते आने वाली 96 प्रतिशत ड्रग्स को हमने रोक दिया है। हर संदिग्ध नाव पर कार्रवाई की गई। अब हम जमीन से ऑपरेशन शुरू कर रहे हैं। जमीन से यह और भी आसान है। यह होने वाला है और हम अपने युवाओं और परिवारों को बर्बाद करने वालों को ऐसा नहीं करने देंगे।”

 

उन्होंने इसे एक बड़ा एस्केलेशन बताया।

कैरेबियन सागर में अब तक 20 से ज्यादा हमले, अमेरिकी कार्रवाई सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रही है। सितंबर से अब तक अमेरिकी बलों ने कैरेबियन सागर में वेनेजुएला से जुड़ी कथित ड्रग तस्करी वाली नावों पर 20 से ज्यादा हमले किए हैं। इन हमलों में कम से कम 87 लोगों की मौत की खबर है। इसी हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी स्पेशल फोर्सेस ने वेनेजुएला तट के पास एक बड़े ऑयल टैंकर को जब्त भी किया था।

 

मादुरो को लेकर ट्रंप का सख्त रुख

ट्रंप पिछले कई हफ्तों से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को लेकर आक्रामक बयान दे रहे थे। उन्होंने कहा था कि मादुरो के “दिन गिने-चुने हैं” और अमेरिका को “पता है कि बुरे लोग कहां रहते हैं।” अब उनके ताजा बयान से संकेत मिल रहा है कि अमेरिका इस दिशा में ठोस कदम उठाने जा रहा है। ब्लूमबर्ग और अन्य प्रमुख मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने यह बयान 12 दिसंबर 2025 को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिया।

 

व्हाइट हाउस की चुप्पी

हालांकि अब तक व्हाइट हाउस की ओर से ट्रंप के बयान को लेकर कोई आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी नहीं की गई है, लेकिन कई विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थानों ने उनके बयान की पुष्टि की है। ट्रंप ने यह भी साफ किया कि यह जमीनी कार्रवाई जरूरी नहीं कि सिर्फ वेनेजुएला तक सीमित रहे। उनका यह ऐलान अमेरिका की ड्रग तस्करी विरोधी मुहिम का हिस्सा बताया जा रहा है।

 

तनाव और बढ़ने के आसार

अमेरिका के इस कदम से क्षेत्रीय और वैश्विक तनाव और बढ़ सकता है। इससे पहले अमेरिका समुद्री हमलों और टैंकर जब्ती जैसे कदम उठा चुका है। वहीं, वेनेजुएला इन कार्रवाइयों को “समुद्री डकैती” और सीधे तौर पर आक्रमण की तैयारी बता रहा है।

Related Articles

Back to top button