चुनाव से पहले ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान, पुरोहितों और मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ाकर 2000 रुपये किया
चुनाव से पहले ममता बनर्जी का बड़ा दांव, पुरोहितों-मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ाया अब हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये, पहले मिलता था 1500 रुपये सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री ने दी जानकारी

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले मुख्यमंत्री Mamata Banerjee ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य के पुरोहितों और मुअज्जिनों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। पहले उन्हें हर महीने 1,500 रुपये मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दिया गया है।
पुरोहितों और मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ा
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुरोहितों और मुअज्जिनों को दिए जाने वाले मासिक मानदेय में 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें हर महीने 2,000 रुपये मिलेंगे। ममता बनर्जी ने कहा कि ये लोग समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
सरकार ने सभी नए आवेदन मंजूर किए
अपने पोस्ट में ममता बनर्जी ने यह भी बताया कि पुरोहितों और मुअज्जिनों से जुड़े सभी नए आवेदनों को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जहां हर समुदाय और हर परंपरा का सम्मान हो और उन्हें बराबर समर्थन मिले।
कौन होते हैं मुअज्जिन?
मुअज्जिन इस्लाम में मस्जिद से जुड़े वह व्यक्ति होते हैं, जो दिन में पांच बार नमाज के लिए अजान देते हैं। आमतौर पर मुअज्जिन मस्जिद की मीनार या लाउडस्पीकर के जरिए नमाजियों को इबादत के लिए बुलाते हैं।



