गुना में दिल दहला देने वाली घटना: बुजुर्ग दंपति के शव घर में मिले, आत्महत्या की आशंका
गुना में बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी पति फंदे पर लटके मिले, पत्नी का शव दूसरे कमरे में मिला परिवार बाहर था, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

Mp news: गुना शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की धाकड़ कॉलोनी में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग दंपति के शव उनके ही घर के अलग-अलग कमरों में मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 70 वर्षीय दिलीप कुमार गोयल का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी 65 वर्षीय पत्नी किरण गोयल की लाश दूसरे कमरे में पलंग पर पड़ी मिली। पुलिस को आशंका है कि दोनों ने आत्महत्या की है।
परिवार बाहर, पड़ोसियों ने दी सूचना
बताया जा रहा है कि घटना के समय दंपति का बेटा, बहू और बच्चे घर से बाहर गए हुए थे। गुरुवार शाम तक पड़ोसियों से उनकी बातचीत हुई थी, लेकिन रात में बेटे ने फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। सुबह भी कई बार फोन करने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो बेटे ने पड़ोसी पवन जैन को घर जाकर देखने को कहा।
घर का नजारा देख उड़ गए होश
जब पड़ोसी घर के अंदर पहुंचे तो नजारा देख उनके होश उड़ गए। एक कमरे में दिलीप कुमार फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दूसरे कमरे में उनकी पत्नी मृत अवस्था में पड़ी थीं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद बेटा भी परिवार के साथ गुना पहुंच गया।
पुलिस जांच में जुटी
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि पति ने फांसी लगाकर और पत्नी ने संभवतः जहर खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
मौके से मिले अहम सुराग
घटना स्थल से एक रस्सी जमीन पर पड़ी मिली है, साथ ही एक भूरे रंग की डिब्बी भी बरामद हुई है, जिसमें संभवतः जहरीला पदार्थ था। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
हर एंगल से जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात की बताई जा रही है, जब घर में सिर्फ बुजुर्ग दंपति ही मौजूद थे।



