केजरीवाल की पेशी पर AAP की मांग, विधानसभा विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही लाइव करने की उठी आवाज़

केजरीवाल की पेशी पर AAP का बड़ा दांव विधानसभा समिति की कार्यवाही लाइव करने की मांग सौरभ भारद्वाज बोले पारदर्शिता से क्यों डर रही है BJP?

नई दिल्ली, 05 मार्च 2026: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा से राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विशेषाधिकार समिति के सामने पेशी की पूरी कार्यवाही का लाइव प्रसारण करने की मांग की है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की कार्यवाही लाइव दिखाई जानी चाहिए और पत्रकारों को भी वहां मौजूद रहने की अनुमति दी जानी चाहिए। उनका कहना है कि अतीत में भी महत्वपूर्ण मामलों में कार्यवाही का सीधा प्रसारण कराया गया है और मीडिया को बुलाकर सही रिपोर्टिंग करने का अवसर दिया गया है।

 

समिति के सामने पूर्व मुख्यमंत्री को बुलाने पर सवाल

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि खबरें आ रही हैं कि दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति ने ‘फांसी घर’ के निर्माण से जुड़े मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तलब किया है। उन्होंने कहा कि देशभर की विधानसभाओं और संसद में समितियां काम करती हैं, लेकिन भाजपा ने एक पूर्व मुख्यमंत्री को समिति के सामने बुलाकर नई परंपरा शुरू की है। उनका दावा है कि इस कदम के देश की राजनीति पर दूरगामी असर पड़ सकते हैं।

 

भाजपा सरकार पर लगाया आरोप

भारद्वाज ने कहा कि विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली की भाजपा सरकार इस कदम के संभावित राजनीतिक परिणामों को समझ नहीं रही है। उन्होंने कहा कि समितियों का उद्देश्य तथ्यों की जांच और पारदर्शिता सुनिश्चित करना होता है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में इसे राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

 

लाइव स्ट्रीमिंग की मांग दोहराई

उन्होंने कहा कि अगर अरविंद केजरीवाल स्वयं समिति की कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की मांग कर रहे हैं, तो स्पीकर को इसमें कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। भारद्वाज ने कहा कि स्पीकर को मीडिया के सामने आकर स्पष्ट करना चाहिए कि कार्यवाही का सीधा प्रसारण होगा या नहीं। अगर लाइव स्ट्रीमिंग नहीं की जाती, तो यह भी बताया जाना चाहिए कि आखिर ऐसा क्या है जिसे सार्वजनिक करने से बचा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button