कानपुर: शादी के 24 घंटे बाद ही दहेज का डरावना सच, नवविवाहिता को ससुराल से धक्के मारकर निकाला

नई-नवेली दुल्हन को शादी के अगले ही दिन ससुराल में मिला जुल्म का तोहफ़ा 2 लाख रुपये और बुलेट न मिलने पर घर से धक्के मारकर निकाला गया पीड़िता की शिकायत पर आठ आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज

कानपुर के जूही इलाके से दहेज उत्पीड़न का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नई-नवेली दुल्हन लुबना बानो की हथेलियों की मेहंदी की खुशबू भी नहीं गई थी कि ससुरालवालों ने उसकी जिंदगी को जहन्नुम बना दिया। फिल्म ‘मेहंदी’ वाले सीन की तरह, ससुराल में कदम रखते ही उस पर जुल्मों की बारिश शुरू हो गई।

 

29 नवंबर को हुई थी शादी

22 साल की लुबना बानो का निकाह 29 नवंबर 2025 को जूही निवासी मोहम्मद इमरान (25) से मुस्लिम रीति-रिवाज़ से बड़ी धूमधाम से हुआ। मायके वालों ने सामर्थ्य के मुताबिक गहने, फर्नीचर, कपड़े और नकद पैसे देकर बेटी की खुशियों में कोई कमी नहीं छोड़ी। लेकिन ससुराल पहुंचते ही जैसे हालात बदल गए। पहली ही शाम शुरू हुआ अत्याचार, 30 नवंबर की शाम जब लुबना पहली बार ससुराल पहुंची, तो स्वागत की जगह उसे गालियां और थप्पड़ मिले। उसका आरोप है कि पति इमरान, ससुर रवि, ननद गुड्डन, जेठ इरफान, जेठानी खुशनुम, बहनोई मेराज, बुआ बेबी और चाचा कवि, सभी ने उसे घेर लिया। उसके मुताबिक, ससुराल वालों ने तंज कसे “तेरे बाप ने कुछ दिया ही नहीं… तुरंत फोन कर 2 लाख रुपये और रॉयल एनफ़ील्ड बुलेट मंगवा, नहीं तो तड़पा-तड़पा कर मार देंगे!”

 

इंकार किया तो घर से निकाल दिया

लुबना ने जब साफ कहा कि उसके पिता इतने पैसे देने की हालत में नहीं हैं, तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। उसका आरोप है कि पति ने थप्पड़ मारे, ननद और जेठानी ने बाल पकड़कर खींचा, ससुर ने गालियां दीं और बाकी घरवालों ने मिलकर उसे बाहर धक्का दे दिया। रात में ही रोते-बिलखते वह मायके पहुंची। पुलिस से न्याय की गुहार, अगले दिन, 2 दिसंबर को लुबना अपने परिवार के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और पूरी घटना बताई। परिवार का कहना है कि निकाह में उन्होंने लगभग 10–12 लाख रुपये खर्च किए, लेकिन फिर भी दहेज लोभियों की मांग खत्म नहीं हुई। पीड़िता ने बताया कि आरोपित अब भी फोन पर धमकी दे रहे हैं, “पैसे और बुलेट नहीं लाई तो तलाक दे देंगे।” आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज, शिकायत मिलते ही जूही पुलिस ने ससुराल पक्ष के आठों लोगों, मोहम्मद इमरान, रवि, गुड्डन, मेराज, बेबी, इरफान, खुशनुम और कवि, के खिलाफ दहेज अधिनियम और BNS की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button