प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल के सांसदों संग बैठक की, 2026 विधानसभा चुनाव पर रणनीति बनाई
प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल के सांसदों संग की अहम बैठक 2026 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बनी रणनीति टीएमसी हिंसा और SIR विवाद पर भी हुई विस्तृत चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के बीजेपी सांसदों से मुलाकात की। बैठक में 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति और टीएमसी पर लगे हिंसा के आरोपों पर गहराई से चर्चा हुई। पीएम मोदी ने कहा कि खगेन मुर्मू जैसी घटनाओं को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि लोग समझ सकें कि राज्य में राजनीतिक हिंसा क्यों बढ़ रही है। “कड़ी मेहनत करनी होगी, ये चुनाव जीतना है” – पीएम मोदी। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने सांसदों को साफ संदेश दिया कि यह समय मेहनत बढ़ाने का है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में काफी आगे बढ़ चुकी है, इसलिए मौजूदा सत्ता के खिलाफ लड़ाई को लगातार जारी रखना होगा। SIR (Special Intensive Revision) पर उन्होंने कहा कि यह एक “शुद्धिकरण प्रक्रिया” है और इसका होना जरूरी है। साथ ही सांसदों को लाभार्थियों के साथ लगातार जुड़ने, फील्ड पर सक्रिय रहने और सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बंगाल से बीजेपी के 12 सांसद
लोकसभा में पश्चिम बंगाल से बीजेपी के 12 सांसद हैं। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य की मौजूदा स्थिति को लेकर स्पष्ट संवाद और जनता तक सीधी पहुंच बेहद जरूरी है। उन्होंने सांसदों से कहा कि 2026 के चुनावों के लिए विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार करें और जमीनी स्तर पर मजबूत नेटवर्क खड़ा करें। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) SIR प्रक्रिया का जोरदार विरोध कर रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का आरोप है कि भाजपा और चुनाव आयोग बीएलओ पर अनुचित दबाव बना रहे हैं, जिससे तनाव और मौतें हो रही हैं। वहीं विपक्ष संसद में चुनाव सुधारों के दौरान भी SIR का मुद्दा उठाने की तैयारी में है।



