ओडिशा में दर्दनाक बस हादसा: 5 की मौत, 40 से ज्यादा घायल

नयागढ़ में टूरिस्ट बस हादसा, 5 की मौत 40 से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर ड्राइवर का नियंत्रण बिगड़ने से हुआ हादसा

Odisha accident: ओडिशा के नयागढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात एक टूरिस्ट बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 40 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस में करीब 60 लोग सवार थे, जो ब्रह्मपुर से हरिशंकर घूमने जा रहे थे।

 

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दसपल्ला थाना क्षेत्र के टाकराघाट के पास हनुमान घाटी में हुआ। यात्रा के दौरान अचानक ड्राइवर का बस से नियंत्रण बिगड़ गया। बस तेज रफ्तार में एक बड़े पत्थर से टकराई और पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री बस से बाहर जा गिरे।

 

कई यात्री बस के नीचे फंसे

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। करीब 10 से ज्यादा लोग बस के नीचे दब गए थे। मृतकों में ड्राइवर प्रवीण साहू समेत हरि पात्रा, लक्ष्मी पात्रा, सुप्रभा साहू और सुमति साहू शामिल हैं। सभी ब्रह्मपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

 

राहत और बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। बस के नीचे फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया। घायलों को पहले दसपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर रूप से घायल करीब 15 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

 

जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्क ड्राइविंग की अहमियत को याद दिलाता है।

Related Articles

Back to top button