उत्तम नगर हत्याकांड: तरुण खटीक की मौत पर बढ़ा सियासी और सामाजिक विवाद, शिखर धवन ने जताया दुख
होली के दिन उत्तम नगर में युवक तरुण खटीक की हत्या से मचा बवाल क्रिकेटर शिखर धवन ने घटना पर जताया दुख, दोषियों को सख्त सजा की मांग 14 आरोपी गिरफ्तार, हिंदू संगठनों ने बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

Delhi news: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुई युवक तरुण खटीक की हत्या को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में AIMIM नेता द्वारा आरोपी परिवार के समर्थन में बयान देने और इसे आत्मरक्षा का मामला बताए जाने के बाद सियासत भी गरमा गई है। वहीं हिंदू संगठनों ने इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और न्याय की मांग तेज कर दी है।
शिखर धवन ने जताया दुख
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि होली जैसे त्योहार के दौरान पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी छोटी सी बात का इतनी बड़ी हिंसा में बदल जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है। धवन ने कहा कि किसी युवक की इस तरह घेरकर हत्या किया जाना मानवता के लिए शर्मनाक है। उन्होंने तरुण के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उम्मीद जताई कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।
हिंदू संगठनों की आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय की मांग की। पुलिस ने अब तक इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, सायरा नाम की महिला को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके ऊपर पानी के छींटे पड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ था। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार करीब 50 साल से एक-दूसरे को जानते हैं।
इलाके में सुरक्षा कड़ी, सोशल मीडिया पर निगरानी
घटना के बाद दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे क्षेत्र को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है।साथ ही पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है, क्योंकि इस मामले को लेकर कई भड़काऊ पोस्ट सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या उकसावे वाली जानकारी पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।



