ईरान के नए सुप्रीम लीडर पर ट्रंप की टिप्पणी, बोले: शायद जिंदा हैं खामेनेई
अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग के बीच मुज्तबा खामेनेई को लेकर नई अटकलें तेहरान हमले में घायल होने और कोमा में होने का दावा सामने आया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले – शायद अभी भी जिंदा हैं खामेनेई

वॉशिंगटन: अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध ने पूरे मिडिल ईस्ट को तनाव में डाल दिया है। अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर और सऊदी अरब में मौजूद ठिकानों को निशाना बनाया है। इसी बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर Mojtaba Khamenei को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने दावा किया है कि मुज्तबा खामेनेई अब भी जीवित हो सकते हैं, हालांकि जंग शुरू होने के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं।
हमले में घायल होने का दावा
अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक 28 फरवरी को Tehran में हुए हमले के दौरान मुज्तबा खामेनेई घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि इस संयुक्त हमले में उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता Ali Khamenei की मौत हो गई थी। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मुज्तबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हैं और संभव है कि वह कोमा की स्थिति में हों।
ट्रंप ने क्या कहा
फॉक्स न्यूज रेडियो के ‘ब्रायन किल्मीड शो’ में बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है कि वह शायद जीवित हैं। उन्हें चोट जरूर लगी है, लेकिन मुझे लगता है कि किसी न किसी रूप में वह जिंदा हैं।” यह इंटरव्यू गुरुवार को रिकॉर्ड किया गया था और शुक्रवार सुबह प्रसारित हुआ। ट्रंप की यह टिप्पणी उस समय आई है जब मुज्तबा खामेनेई के पद संभालने के बाद उनका पहला सार्वजनिक संदेश सामने आया था।
मुज्तबा खामेनेई का संदेश
ईरान की जनता को दिए अपने संदेश में मुज्तबा खामेनेई ने कहा कि देश अपने शहीदों के खून का बदला लेने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान को Strait of Hormuz को बंद करने पर विचार करना चाहिए और खाड़ी के अरब पड़ोसी देशों पर दबाव बनाए रखना चाहिए। हालांकि युद्ध शुरू होने के बाद से वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। उनका यह संदेश भी न तो टीवी पर सीधे दिया गया और न ही किसी वीडियो के जरिए प्रसारित हुआ, जिससे उनकी हालत को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।



