ईरान का इजरायल के केमिकल हब पर बड़ा हमला, मिसाइल से लगी भीषण आग

ईरान ने इजरायल के केमिकल हब को बनाया निशाना मिसाइल हमले के बाद भीषण आग, केमिकल रिसाव का खतरा तनाव के बीच मिडिल ईस्ट में हालात और बिगड़े

तेल अवीव: ईरान ने इजरायल के एक अहम केमिकल और औद्योगिक केंद्र को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है। इस हमले के बाद दक्षिणी इजरायल के नियोत होवाव औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग लग गई, जिससे केमिकल रिसाव का खतरा पैदा हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में आसमान में उठता काले धुएं का बड़ा गुबार साफ दिखाई दे रहा है।

 

राहत-बचाव कार्य जारी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने और क्षतिग्रस्त स्टोरेज यूनिट्स को सील करने में जुटे हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। आसपास रहने वाले लोगों को घरों के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने की सलाह दी गई है।

 

आईडीएफ ने जारी किया अलर्ट

इजरायली सेना ने भी मौजूदा हालात को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और बिना जरूरत बाहर न निकलने की चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक फैलता नजर आ रहा है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 

क्यों अहम है नियोत होवाव

नियोत होवाव इजरायल का प्रमुख केमिकल हब है, जहां खतरनाक रसायनों का उत्पादन और भंडारण होता है। ऐसे संवेदनशील इलाके पर हमला सिर्फ सैन्य नहीं, बल्कि पर्यावरण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा माना जा रहा है। हालांकि अभी तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हालात को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

 

बढ़ता जा रहा है ईरान-इजरायल तनाव

यह हमला ऐसे वक्त पर हुआ है जब ईरान और इजरायल के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। दोनों देशों के बीच सीधा और परोक्ष टकराव पहले से जारी है, जिसमें सीरिया, लेबनान और गाजा जैसे क्षेत्र अहम भूमिका निभा रहे हैं। हाल के दिनों में हिजबुल्लाह जैसे ईरान समर्थित संगठनों और इजरायल के बीच झड़पें भी तेज हुई हैं, जिससे पूरे मिडिल ईस्ट में हालात और ज्यादा संवेदनशील हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button