ईरान-इजरायल जंग के बीच होर्मुज पार कर मुंबई पहुंचा तेल टैंकर, कैप्टन की सूझबूझ से पूरा हुआ मिशन

जंग के बीच सऊदी से तेल लेकर भारत पहुंचा टैंकर खतरे से बचने के लिए कैप्टन ने बंद किया ट्रैकिंग सिस्टम मुंबई की रिफाइनरियों को मिलेगा कच्चा तेल

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग का आज 13वां दिन है। हर गुजरते दिन के साथ हालात और तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। इस बीच ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास तेल टैंकरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है, जिससे दुनिया भर में तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि इन तनावपूर्ण हालात के बीच भी सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर एक टैंकर सुरक्षित रूप से भारत के मुंबई तट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि यह संभव हो पाया जहाज के कैप्टन की सूझबूझ और रणनीति के कारण।

 

कैसे सुरक्षित मुंबई पहुंचा टैंकर

खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब का कच्चा तेल लेकर आ रहा एक टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गया। जहाज के कैप्टन ने खतरे को देखते हुए एक अहम फैसला लिया और रास्ते में टैंकर का सिग्नल सिस्टम बंद कर दिया, ताकि वह किसी के रडार पर आसानी से न आए।लाइबेरिया के झंडे वाला यह तेल टैंकर ‘शेनलॉन्ग’ (Suezmax) करीब 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर मुंबई पहुंचा है।

 

खतरनाक इलाके में बंद किया ट्रैकिंग सिस्टम

जानकारी के मुताबिक सुरक्षा कारणों से जहाज ने खतरनाक समुद्री क्षेत्र से गुजरते समय अस्थायी तौर पर अपना AIS ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर दिया था। बाद में 9 मार्च को यह जहाज फिर से ट्रैकिंग सिस्टम पर दिखाई दिया और 11 मार्च को सुरक्षित मुंबई पहुंच गया।

 

ईंधन आपूर्ति को लेकर मिली राहत

एथेंस स्थित डायनाकोम टैंकर मैनेजमेंट द्वारा संचालित यह जहाज युद्ध प्रभावित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर भारत पहुंचने वाला पहला बड़ा तेल टैंकर माना जा रहा है। मुंबई पहुंचने के बाद यह जहाज पूर्वी मुंबई के माहुल इलाके में स्थित रिफाइनरियों को कच्चे तेल की सप्लाई करेगा। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए यह शिपमेंट राहत की खबर है, क्योंकि इससे ईंधन आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं में कुछ हद तक कमी आई है।

Related Articles

Back to top button