ईरान-अमेरिका सीजफायर पर चीन का रुख, कहा- शांति में निभाएंगे ‘रचनात्मक भूमिका’
चीन ने ईरान-अमेरिका सीजफायर का स्वागत किया, लेकिन अपनी सीधी भूमिका पर चुप्पी साधी मध्य पूर्व में शांति के लिए चीन-पाकिस्तान का 5 सूत्रीय प्लान सामने आया तेल और ट्रेड हितों के चलते चीन के लिए क्यों अहम है यह युद्धविराम

Iran crisis: चीन ने ईरान और अमेरिका के बीच हुए युद्धविराम का स्वागत किया है, लेकिन इस समझौते में अपनी सीधी भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की। बीजिंग में चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि उनका देश लगातार शांति वार्ता और सीजफायर की वकालत करता रहा है।
चीन ने दिए संकेत, लेकिन सीधी भूमिका से दूरी
माओ निंग ने पाकिस्तान समेत अन्य देशों के प्रयासों की सराहना की और यह भी कहा कि चीन ने अपने स्तर पर कोशिशें जरूर की हैं। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इन प्रयासों का स्वरूप क्या था। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चीन आगे भी शांति स्थापित करने में ‘रचनात्मक भूमिका’ निभाता रहेगा।
5 सूत्रीय प्रस्ताव पर काम
चीन और पाकिस्तान ने हाल ही में मध्य पूर्व में शांति बहाल करने के लिए पांच सूत्रीय योजना पर सहमति जताई थी। इसमें तत्काल संघर्ष विराम, जल्द शांति वार्ता की शुरुआत, नागरिक ठिकानों की सुरक्षा, होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित नौवहन और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का सम्मान शामिल है।
चीन को क्यों है सीजफायर से फायदा
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस सीजफायर से चीन को बड़ा आर्थिक फायदा हो सकता है। चीन, ईरान का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार भी। युद्ध के चलते तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, जिससे चीन की ऊर्जा जरूरतों पर असर पड़ रहा था। इसके अलावा, होर्मुज जलडमरूमध्य का सामान्य होना चीन के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि इसी रास्ते से बड़ी मात्रा में तेल सप्लाई होती है। ईरान से मिलने वाले कच्चे तेल पर चीन को छूट भी मिलती रही है, जो उसके लिए फायदे का सौदा है।
पहले भी निभा चुका है बड़ी भूमिका
गौरतलब है कि इससे पहले भी चीन ने सऊदी अरब और ईरान के बीच सुलह कराने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बार करीब 40 दिन चली जंग के बाद ईरान ने अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया है। विश्लेषकों का मानना है कि इस युद्ध के बाद खाड़ी देशों का अमेरिका की सुरक्षा गारंटी पर भरोसा कमजोर हो सकता है, जिससे क्षेत्र में एक नया सुरक्षा ढांचा उभरने की संभावना बन रही है।



