अयोध्या में विवाह पंचमी पर PM मोदी करेंगे राम मंदिर शिखर पर भगवा ध्वज फहराना
अयोध्या में विवाह पंचमी के अवसर पर राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाएगा भगवा ध्वज। प्रधानमंत्री मोदी करेंगे धर्म ध्वजारोहण समारोह में भाग और पूजा-अर्चना। ध्वज भारत की संस्कृति, एकता और राम राज्य के आदर्शों का प्रतीक है।

विवाह पंचमी के अवसर पर प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। एक ओर भगवान राम के विवाह का उत्सव मनाया जा रहा है, वहीं आज अभिजित मुहूर्त में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराने की तैयारी है। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या आएंगे और मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे। ध्वज फहराना सिर्फ एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शास्त्रों में इसे अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना गया है।
ध्वज की खासियत
PMO की जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर के शिखर पर फहराया जाने वाला भगवा ध्वज त्रिभुजाकार है, जिसकी ऊंचाई 10 फुट और लंबाई 20 फुट है। ध्वज पर दीप्तिमान सूर्य की तस्वीर है, जो भगवान राम की शक्ति और वीरता का प्रतीक है।इसमें ‘ॐ’ का प्रतीक और कोविदार वृक्ष की छवि भी है। यह पैराशूट फैब्रिक और रेशमी धागों से बना है और 161 फुट ऊंचे शिखर पर 42 फुट ऊंचे खंभे पर लगाया जाएगा। यह ध्वज वाल्मीकि रामायण से प्रेरित त्रिकोणीय डिजाइन में है, जो राम की दिव्यता, शक्ति और शाश्वत भावना को दर्शाता है। मंदिर के शिखर पर ध्वज पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर शैली में फहराया जाएगा, जबकि मंदिर के चारों ओर 800 मीटर लंबा परकोटा दक्षिण भारतीय वास्तुकला में डिज़ाइन किया गया है, जो मंदिर की आर्किटेक्चरल विविधता को दिखाता है।
पीएम मोदी का शेड्यूल
प्रधानमंत्री सुबह 10 बजे अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए साकेत महाविद्यालय जाएंगे और फिर रोड शो करते हुए राम मंदिर के शंकराचार्य प्रवेश द्वार तक पहुंचेंगे। करीब 2.5 किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान अवध विश्वविद्यालय और साकेत महाविद्यालय के 1000 छात्र-छात्राएं दोनों तरफ खड़े होकर पुष्प वर्षा करेंगे। मंदिर पहुंचने के बाद पीएम सबसे पहले सप्त मंदिरों में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद शेषावतार मंदिर और माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन होंगे। अंत में राम दरबार के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के बाद शिखर पर रिमोट से धर्म ध्वज फहराया जाएगा।
सुरक्षा का खास इंतजाम
इस आयोजन के लिए अयोध्या में 5 लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पीएम मोदी के स्वागत और रोड शो के लिए 7 मंच तैयार किए गए हैं, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिस रूट से काफिला गुजरेगा, उसे गेंदे के फूलों से सजाया गया है। सुरक्षा के लिए 7,000 से अधिक पुलिसकर्मी, एटीएस, एसटीएफ, स्वाट कमांडो और पैरामिलिट्री जवान तैनात हैं।



