सीएम धामी का बागेश्वर दौरा, विकास कार्यों का ज़मीनी निरीक्षण, खिलाड़ियों संग बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह
सीएम धामी ने सरयू किनारे मॉर्निंग वॉक कर विकास कार्यों का लिया जायजा इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों संग बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के सख्त निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इन दिनों बागेश्वर जिले के दो दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार सुबह उन्होंने सरयू नदी किनारे मॉर्निंग वॉक करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान सीएम धामी ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकारी योजनाओं के बारे में फीडबैक भी लिया।
इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेला
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी इंडोर स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने नवोदित खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेल कर उनका उत्साह बढ़ाया। सीएम ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और ट्रेनिंग के बारे में भी जानकारी ली।
खेल सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने पर जोर
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि सरकार उत्तराखंड में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्वस्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि राज्य के युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
पर्यटन विकास पर खास फोकस
शनिवार को मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लोक निर्माण, शिक्षा, जल संस्थान, विद्युत, समाज कल्याण, कृषि और बागवानी सहित कई विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। सीएम धामी ने कहा कि बागेश्वर में पर्यटन विकास की बड़ी संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर उपयोग किया जा सकता है।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ योग्य लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी विभाग में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी जरूरी सेवाओं को हर हाल में सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।



