श्रीनगर में उत्तराखंड के राज्यपाल के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, तकनीकी खराबी बनी वजह
राज्यपाल गुरमीत सिंह के हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, श्रीनगर में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग। जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया हेलीकॉप्टर, राज्यपाल को पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया। हाल के दिनों में केशव प्रसाद मौर्य और निर्मला सीतारमण के विमान की भी हो चुकी है आपात लैंडिंग।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी समस्या आने के बाद एहतियात के तौर पर उसे श्रीनगर के जीवीके हेलीपैड पर सुरक्षित उतारा गया। अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग के बाद राज्यपाल को श्रीनगर स्थित पुलिस गेस्ट हाउस ले जाया गया।पौड़ी पुलिस के अनुसार, हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी दिक्कत के कारण यह फैसला लिया गया ताकि किसी तरह का जोखिम न हो। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में भी आई थी तकनीकी खराबी
इससे पहले शनिवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में भी तकनीकी खराबी का मामला सामने आया था। बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर के अंदर अचानक धुआं भरने लगा, जिसके बाद तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जानकारी के मुताबिक डिप्टी सीएम हेलीकॉप्टर से लखनऊ से कौशांबी जा रहे थे। हालांकि समय रहते लैंडिंग कराए जाने से सभी यात्री सुरक्षित रहे।
निर्मला सीतारमण के विमान की भी हुई थी आपात लैंडिंग
इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के विमान की भी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। वह भूटान के दौरे पर जा रही थीं, लेकिन रास्ते में मौसम खराब होने के कारण उनके विमान को बागडोगरा एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारी बारिश और कम दबाव की स्थिति के कारण यह फैसला लिया गया। बाद में मौसम ठीक होने पर वित्त मंत्री भूटान के लिए रवाना हुईं, लेकिन उन्हें एक रात सिलीगुड़ी में रुकना पड़ा।



