वाशिंगटन में आर्मी बेस के ऊपर दिखे संदिग्ध ड्रोन, मिडिल ईस्ट जंग के बीच बढ़ी टेंशन
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग और हुई खतरनाक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, व्हाइट हाउस में हाई लेवल मीटिंग 10 दिनों से लगातार दिख रहे ड्रोन, जांच में जुटी सेना

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग अब और ज्यादा खतरनाक होती जा रही है। तीनों देशों के बीच लगातार हमले हो रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसी बीच अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां आर्मी बेस के ऊपर संदिग्ध ड्रोन देखे गए हैं। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने वाशिंगटन स्थित एक आर्मी बेस के ऊपर अज्ञात ड्रोन देखे। बताया जा रहा है कि यह वही इलाका है, जहां विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ रहते हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये ड्रोन कहां से आए और किसने भेजे।
सेना अलर्ट मोड में
इस घटना के बाद अमेरिकी सेना ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पिछले 10 दिनों से लगातार रात के समय फोर्ट लेस्ली जे. मैकनेयर के ऊपर कई बार ड्रोन देखे गए हैं। इसके चलते सेना अब हर संभावित खतरे पर बारीकी से नजर रख रही है। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए व्हाइट हाउस में भी हाई लेवल मीटिंग बुलाई गई है।
जंग के बीच बढ़ा खतरा
आपको बता दें कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों में कई सैनिकों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। ऐसे हालात में वाशिंगटन में ड्रोन दिखने की घटना को बेहद गंभीर माना जा रहा है।



