राष्ट्रीय प्रेस दिवस–2025: प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में भव्य समारोह, देशभर के वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान
राष्ट्रीय प्रेस दिवस–2025 में मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को किया गया सम्मान। देशभर के वरिष्ठ पत्रकारों ने साझा किए अपने अनुभव और विचार। समारोह ने पत्रकारिता में जनहित, साहस और जिम्मेदारी की ताकत को दिखाया।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस–2025 के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया और एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित राष्ट्रीय समारोह बेहद शानदार और गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। देशभर से पहुंचे वरिष्ठ पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम को खास और ऐतिहासिक बना दिया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद मंच पर मौजूद मुख्य अतिथियों ने मीडिया की बदलती भूमिका, चुनौतियों और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर अपने विचार साझा किए।
मुख्य अतिथियों के प्रेरक विचार
श्री स्वदेश भूषण ने कहा कि पत्रकारिता का मूल स्वभाव सत्य की खोज है। डिजिटल युग में यह जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है क्योंकि जानकारी सिर्फ तेज नहीं, बल्कि पूरी तरह सटीक भी होनी चाहिए। श्री के. शिवकुमार ने कहा कि पत्रकारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है, विश्वसनीयता को बनाए रखना। तकनीक सहायक है, लेकिन पत्रकार का विवेक ही उसके काम को दिशा देता है। से.नि. IAS श्री सुधीर महाजन ने बताया कि लोकतंत्र तभी मजबूत बनता है जब पत्रकारिता निष्पक्ष और निर्भीक हो। मीडिया एक दर्पण भी है और समाज को दिशा देने वाली शक्ति भी। IIS अधिकारी श्री अनिल कुमार सक्सेना ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। ऐसी ही जानकारी जनता तक पहुंचनी चाहिए जो राष्ट्रहित को सशक्त करे।
संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी रखे अपने विचार
एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विजय शंकर चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस को आत्मावलोकन का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि जनहित, साहस और निष्पक्षता, इन्हीं मूल्यों पर पत्रकारिता टिकी है। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के महासचिव श्री नीरज ठाकुर ने तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य में डिजिटल स्किल, डेटा पत्रकारिता और तकनीकी दक्षता की जरूरत पर जोर दिया। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री गौतम लाहिरी ने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आत्मा है, और पत्रकारों की निर्भीकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान — समारोह की मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था देशभर के प्रतिष्ठित पत्रकारों का सम्मान। सम्मानित पत्रकारों में शामिल रहे, श्री दिलबर गोठी, श्री संजीव उपाध्याय, श्री राकेश थापलियाल, श्री राम दास, श्री मानस बनर्जी, श्री सुशील झलानी, श्री गुरु बसावैया, श्री शिकोह आज़ाद, सुश्री विनीता यादव, श्री कृष्ण कुमार तिवारी, मोहम्मद इलियास, श्री सुशील कुमार, डॉ. सुनील पराशर, श्री सुनील शर्मा, श्री राहुल शर्मा, श्री ओ.पी. गौतम समेत कई अन्य वरिष्ठ पत्रकार।
कार्यक्रम संचालन और प्रबंधन की सराहना
समारोह का संचालन Eminent Journalist श्री संजीव उपाध्याय ने किया, जिनकी प्रभावशाली एंकरिंग ने पूरे कार्यक्रम को विशेष बनाये रखा। इसके अलावा श्री जगन नेगी और श्री अनिल मंचंदा ने आयोजनों की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आभार और कार्यक्रम का समापन
महासचिव श्री कोड़ले चन्नप्पा ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस–2025 का यह आयोजन पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाला अवसर साबित हुआ।



