मिडिल ईस्ट में जंग और खतरनाक: ट्रंप की धमकी, ईरान का सख्त जवाब
ट्रंप की डेडलाइन खत्म, बढ़ा वैश्विक तनाव होर्मुज स्ट्रेट पर टकराव से हालात बिगड़े ईरान बोला जंग अंत तक जारी रहेगी

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में पिछले 39 दिनों से जारी जंग अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump इस युद्ध को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन ईरान फिलहाल किसी समझौते के मूड में नहीं दिख रहा। होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़े तनाव के बीच ट्रंप ने साफ चेतावनी दी है कि अगर ईरान पीछे नहीं हटता, तो उसे भारी तबाही का सामना करना पड़ेगा। इसी के साथ सीजफायर के लिए दी गई डेडलाइन मंगलवार रात को खत्म हो रही है, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।
“पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है” – ट्रंप
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है, जिसे कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि वे ऐसा नहीं चाहते, लेकिन हालात तेजी से उस दिशा में बढ़ रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक, अगर ईरान में सत्ता बदलाव होता है और वहां कम कट्टरपंथी नेतृत्व आता है, तो कुछ सकारात्मक हो सकता है। उन्होंने इस पल को दुनिया के इतिहास के सबसे अहम और निर्णायक पलों में से एक बताया।
“ईरान के लिए कयामत की रात” की चेतावनी
Donald Trump ने ईरान को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रात 8 बजे तक डील नहीं मानी गई, तो उसके बाद बड़े पैमाने पर हमले किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि ऐसे हमले होंगे जिनमें ईरान के पुल, पावर प्लांट और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह तबाह हो सकते हैं। ट्रंप ने यहां तक कहा कि कुछ ही घंटों में ईरान को “धुआं-धुआं” कर दिया जाएगा और ऐसी तबाही होगी कि देश लंबे समय तक संभल नहीं पाएगा।
ईरान का पलटवार: “जंग अंत तक लड़ेंगे”
ट्रंप की धमकियों के जवाब में ईरान ने भी सख्त रुख अपनाया है। ईरान के विदेश मंत्री Abbas Araghchi ने कहा कि उनका देश इस जंग को अंत तक ले जाएगा और दुश्मनों को करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि ईरान पर हमला करने वालों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी गलती करने से पहले सोचेगा। साथ ही उन्होंने ट्रंप पर तंज कसते हुए कहा कि अब उन्हें समझ आ गया होगा कि ईरान के साथ कितने लोग खड़े हैं।



