माचू पिचू जाने वाली दो टूरिस्ट ट्रेनों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, 30 से ज्यादा घायल
माचू पिचू रूट पर बड़ा रेल हादसा, सेवाएं ठप रेलवे कर्मचारी की मौत, यात्रियों में अफरा-तफरी लोकप्रिय टूरिस्ट रूट पर सुरक्षा पर सवाल

Train Accident: पेरू के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माचू पिचू जाने वाली दो टूरिस्ट ट्रेनों की मंगलवार को आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में रेलवे के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसा कुज्को और माचू पिचू को जोड़ने वाली रेल लाइन पर हुआ, जिसके बाद इस रूट पर रेल सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।
कोरिवायराचिना के पास हुआ हादसा
कुज्को पुलिस विभाग के कैप्टन जोनाथन कास्तिलो गोंजालेज के मुताबिक, दोपहर के समय माचू पिचू से लौट रही एक ट्रेन और वहां जा रही दूसरी ट्रेन कोरिवायराचिना इलाके के पास टकरा गईं। यह इलाका भी एक पुरातात्विक स्थल के तौर पर जाना जाता है। फिलहाल हादसे की वजह साफ नहीं हो सकी है।
ट्रेन के डिब्बों को भारी नुकसान
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ट्रेन के कई डिब्बों की खिड़कियां टूट गई हैं और साइड में गहरे डेंट पड़े हैं। हादसे के बाद दोनों ट्रेनें हरे-भरे जंगल और बड़ी चट्टानों के बीच फंसी नजर आईं।
माचू पिचू आने वाले ज्यादातर पर्यटक ट्रेन से करते हैं सफर
माचू पिचू पेरू का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जहां हर साल करीब 15 लाख सैलानी पहुंचते हैं। ज्यादातर पर्यटक ट्रेन के जरिए पास के शहर आगुआस कालिएंतेस तक आते हैं और वहीं से माचू पिचू जाते हैं।
पैदल ट्रेकिंग का विकल्प भी मौजूद
इंका सभ्यता के दौर में 15वीं शताब्दी में बसाए गए माचू पिचू की पत्थरों से बनी अनोखी संरचना दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। यहां पत्थर बिना किसी जोड़ के इस तरह फिट किए गए हैं कि आज भी यह निर्माण कला लोगों को हैरान कर देती है। माचू पिचू तक पैदल ट्रेकिंग करके भी पहुंचा जा सकता है, जिसके लिए पर्यटक ओलांतायतांबो शहर से करीब चार दिन का ट्रेक तय करते हैं।



